home page

असम में 27 बांग्लादेशी गिरफ्तार, दाउकी सीमा से घुसपैठ का संदेह

 | 
असम में 27 बांग्लादेशी गिरफ्तार, दाउकी सीमा से घुसपैठ का संदेह


गुवाहाटी, 17 सितंबर (हि.स.)। मेघालय की दाउकी सीमा के रास्ते कथित तौर पर अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने वाले बांग्लादेशी नागरिकों के एक बड़े समूह को असम पुलिस ने गुवाहाटी और बंगाईगांव में हिरासत में लिया है। इस कार्रवाई के बाद पूर्वोत्तर के रास्ते अवैध प्रवेश और देश के अन्य हिस्सों तक जाने के नेटवर्क की जांच तेज कर दी गई है।

बंगाईगांव में रेलवे पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल के संयुक्त अभियान में न्यू बंगाईगांव रेलवे स्टेशन पर गुवाहाटी-जम्मू तवी एक्सप्रेस से 10 बांग्लादेशी नागरिकों को हिरासत में लिया गया। इनमें छह पुरुष, चार महिलाएं और चार बच्चे शामिल हैं। प्रारंभिक पूछताछ में उनके मेघालय की दाउकी सीमा के रास्ते भारत में प्रवेश करने की बात सामने आई है।

इसी बीच, गुवाहाटी के पलटन बाजार स्थित एएसटीसी बस अड्डे और रेलवे स्टेशन क्षेत्र से भी संदिग्ध अवैध प्रवासियों को हिरासत में लिया गया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, गुवाहाटी और बंगाईगांव में हालिया अभियानों में अब तक कम से कम 27 संदिग्ध घुसपैठियों को पकड़ा गया है।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि बांग्लादेश के खुलना से एक कथित मानव तस्करी गिरोह के जरिए इन लोगों के भारत में प्रवेश करने और देश के अन्य हिस्सों में जाने की योजना होने का संदेह है। रेलवे पुलिस और खुफिया एजेंसियां हिरासत में लिए गए लोगों से पूछताछ कर उनकी पहचान, भारत में प्रवेश के मार्ग और आगे की यात्रा के संबंध में जानकारी जुटा रही हैं।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश