बंगाईगांव में ट्रक के गुप्त चेंबर से 25 भैंसें बरामद, तीन गिरफ्तार
गुवाहाटी, 25 नवंबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने मंगलवार रात सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए बंगाईगांव पुलिस की कार्रवाई की सराहना करते हुए अवैध पशु तस्करी और पशुओं के प्रति क्रूरता की निंदा की।
मुख्यमंत्री ने बताया कि बंगाईगांव पुलिस ने अवैध रूप से पशुओं की तस्करी के अमानवीय नेटवर्क से 25 भैंसों को बचाया है। भैंसों को भूसी की बोरियों के नीचे छिपाकर एक ट्रक के गुप्त चेंबर में अवैध रूप से ले जाया जा रहा था। पुलिस ने कार्रवाई के दौरान ट्रक को जब्त करने के साथ ही मामले में शामिल तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
मुख्यमंत्री ने इस कार्रवाई को मानवता और कानून के शासन के प्रति पुलिस की प्रतिबद्धता का प्रमाण बताया। उन्होंने कहा कि मूक पशुओं के प्रति क्रूरता और अवैध कारोबार के खिलाफ असम पुलिस की सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
उन्होंने कहा कि पशुओं की सुरक्षा और कानून का शासन सुनिश्चित करना सरकार का संकल्प है।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

