गुवाहाटी में 21 नशेड़ी युवक को पकड़ा, दो ड्रग्स तस्कर गिरफ्तार
गुवाहाटी, 26 अगस्त (हि.स.)। ड्रग्स के खिलाफ कार्रवाई करते हुए वशिष्ठ पुलिस ने खानापाड़ा इलाके से 21 नशे के आदी युवकों को पकड़ा। पुलिस ने इन युवकों को कथित तौर पर ड्रग्स का सेवन करते हुए पकड़ा। बाद में सभी को पुनर्वास केंद्र भेज दिया गया।
इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने दो कथित ड्रग्स तस्करों को भी गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान बाबुल अली और राहुल इस्लाम के रूप में हुई है। इनके कब्जे से 33 ग्राम ड्रग्स बरामद किया गया।
पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपित लंबे समय से खानापाड़ा इलाके में ड्रग्स का कारोबार चला रहे थे। पुलिस की कार्रवाई ऐसे समय में हुई है जब ड्रग्स के बढ़ते सेवन को लेकर चिंता बढ़ रही है। हाल ही में जोरहाट में ड्रग्स के कारण एक युवती की मौत का मामला भी सामने आया था।
वशिष्ठ पुलिस के अनुसार, चालू वर्ष में अब तक 86 ड्रग्स के आदी लोगों को पुनर्वास केंद्र भेजा जा चुका है। पुलिस द्वारा नशे के कारोबार पर रोक लगाने के साथ-साथ नशे की गिरफ्त में आए लोगों को उपचार और पुनर्वास की सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में भी कार्रवाई की जा रही है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

