दलालों के खिलाफ राज्यव्यापी अभियान के बीच कोकराझार में बड़ी कार्रवाई, 20 संदिग्ध हिरासत में
कोकराझार (असम), 05 सितम्बर (हि.स.) ।राज्यभर में बिचौलियों और दलालों के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान के बीच कोकराझार जिले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में अभियान चलाकर कुल 20 संदिग्ध मध्यस्थों को हिरासत में लिए जाने की जानकारी सामने आई है।
जानकारी के अनुसार, कोकराझार सदर थाना क्षेत्र से 8, फकीराग्राम थाना क्षेत्र से 2, गोसाईगांव से 7 तथा बगरीजाबाड़ी क्षेत्र से 3 लोगों को हिरासत में लिया गया है।
सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि हिरासत में लिए गए लोगों में एडीएमएसयू, यूपीपीएल तथा बीपीएफ से जुड़े कुछ कार्यकर्ताओं एवं समर्थकों के शामिल होने की बात सामने आई है। इस कार्रवाई के बाद पूरे जिले में राजनीतिक एवं सामाजिक स्तर पर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है।
हालांकि, हिरासत में लिए गए लोगों के खिलाफ लगाए गए आरोपों की वास्तविकता पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी। पुलिस द्वारा मामले की जांच जारी है।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

