प्रथम वाहिनी एसएसबी ने मनाया 59वां स्थापना दिवस
गुवाहाटी, 01 सितंबर (हि.स.)। गुवाहाटी के सोनापुर स्थित प्रथम वाहिनी सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) ने मंगलवार को अपना 59वां स्थापना दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया। इस अवसर पर वाहिनी के कमांडेंट सुनील कौशिक के मार्गदर्शन में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
स्थापना दिवस के मौके पर सर्वप्रथम शहीद स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके पश्चात क्वार्टर गार्ड में सलामी दी गई।
इस अवसर पर वाहिनी के अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों, जवानों एवं उनके परिवारजनों के लिए बड़े खाने का आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया, जिसमें संदीक्षा परिवार की महिलाओं एवं बच्चों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं।
स्थापना दिवस समारोह में विभिन्न प्रतियोगिताओं एवं कार्यक्रमों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कार्मिकों एवं प्रतिभागियों को पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र वितरित कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर उपस्थित सभी कार्मिकों को वाहिनी की गौरवशाली यात्रा, उपलब्धियों एवं राष्ट्र सेवा के प्रति उनके समर्पण की याद दिलाते हुए भविष्य में भी पूरी निष्ठा एवं कर्तव्यपरायणता के साथ देश की सेवा करने का आह्वान किया गया।
कार्यक्रम का समापन सभी को स्थापना दिवस की शुभकामनाओं एवं राष्ट्र सेवा के संकल्प के साथ हुआ।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

