home page

एसएसबी सोनापुर ने सतर्कता, बालिका शिक्षा और महिला भर्ती पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए

 | 
एसएसबी सोनापुर ने सतर्कता, बालिका शिक्षा और महिला भर्ती पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए


गुवाहाटी, 28 अक्टूबर (हि.स.)। सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की प्रथम बटालियन, सोनापुर ने बुधवार को अपने कार्यक्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में सतर्कता जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। इसके साथ ही बालिका शिक्षा, महिला सशक्तीकरण और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) में महिलाओं की भर्ती को प्रोत्साहित करने के लिए भी जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।

एसएसबी मुख्यालय, नई दिल्ली के निर्देश और प्रथम बटालियन के कमांडेंट सुनील कौशिक के मार्गदर्शन में आयोजित सतर्कता जागरूकता कार्यक्रम लोखरा स्थित ‘ई’ कंपनी, गोलाघाट स्थित ‘एफ’ कंपनी, होजाई स्थित ‘जी’ कंपनी तथा बटालियन मुख्यालय के कार्यक्षेत्र के विभिन्न विद्यालयों में आयोजित किए गए।

कार्यक्रम की विषयवस्तु ‘समृद्धि के लिए सत्यनिष्ठा’ और नारा ‘ईमानदारी अपनाएं, भ्रष्टाचार मिटाएं’ था। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों और आम लोगों को ईमानदारी, पारदर्शिता, जवाबदेही तथा नैतिक मूल्यों के प्रति जागरूक करना था।

इस दौरान प्रतिभागियों को दैनिक जीवन में सत्यनिष्ठा बनाए रखने, भ्रष्टाचार के प्रति सतर्क रहने और समाज में पारदर्शिता को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया गया।

वहीं, ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ और केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में महिलाओं की भर्ती से संबंधित कार्यक्रम रौता स्थित ‘बी’ कंपनी और होजाई स्थित ‘जी’ कंपनी के कार्यक्षेत्र में आयोजित किए गए। इनमें बालिकाओं की शिक्षा, सुरक्षा और सशक्तीकरण के महत्व पर जोर दिया गया। साथ ही महिलाओं को केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों में भर्ती के अवसरों के बारे में जानकारी देकर राष्ट्र की सुरक्षा और निर्माण में योगदान देने के लिए प्रोत्साहित किया गया।

इन पहलों के माध्यम से प्रथम बटालियन एसएसबी सोनापुर ने सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता, बालिका शिक्षा और महिला सशक्तीकरण को बढ़ावा देने तथा समृद्ध, समावेशी और भ्रष्टाचार मुक्त समाज के निर्माण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश