अरुणाचल प्रदेश में बाल तस्करी के खिलाफ कार्रवाई, 19 बच्चे मुक्त, तीन संदिग्ध गिरफ्तार
इटानगर, 25 अगस्त (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश पुलिस ने बाल तस्करी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए विभिन्न जिलों से 19 बच्चों को सुरक्षित बरामद किया है। मामले में तीन संदिग्ध बिचौलियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, नामसाई थाने में 17 अगस्त को जिला बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज किया गया था। जांच के दौरान बच्चों का पता शि-योमी जिले के मेचुका, पश्चिम सियांग के आलो, पूर्वी सियांग के पासीघाट, नाहरलागुन, इटानगर और लोंगडिंग से लगाया गया।
मामले के कई जिलों तक फैले होने के कारण पुलिस ने विस्तृत जांच के लिए विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बेहतर शिक्षा और देखभाल का भरोसा देकर कथित तौर पर उनके बच्चों को ले जाया गया और बाद में उन्हें दूर-दराज के स्थानों पर अलग-अलग लोगों के पास रखा गया।
पुलिस के आधिकारिक सूत्रों ने बताया कि बरामद किए गए अधिकांश बच्चों की उम्र आठ वर्ष से कम है, जबकि सबसे छोटा बच्चा करीब तीन वर्ष का है। पुलिस को कुछ मामलों में बच्चों के बदले बिचौलियों और अभिभावकों के बीच 10 हजार से 50 हजार रुपये तक के संदिग्ध लेन-देन के प्रमाण भी मिले हैं।
पुलिस के मुताबिक, कुछ बच्चों से घरेलू काम कराया जा रहा था, जबकि कुछ को होटलों में काम पर लगाया गया था। बरामद बच्चों के बयान मजिस्ट्रेट के समक्ष दर्ज किए गए हैं।
एसआईटी अब वित्तीय लेन-देन, डिजिटल साक्ष्यों और कॉल रिकॉर्ड की जांच कर नेटवर्क से जुड़े अन्य संदिग्धों की पहचान में जुटी है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि यदि उन्हें ऐसे बच्चों के बारे में जानकारी मिलती है जिन्हें इसी तरह की परिस्थितियों में रखा गया है, तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

