home page

अनाधिकृत 15 मस्जिदें पहले ही बंद हो चुकी

 | 

इटानगर, 04 जून(हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश सरकार के प्रवक्ता पासांग दोरजी सोना ने गुरुवार को कहा कि अरुणाचल प्रदेश स्वदेशी युवा संगठन (एपीवाईओ) की सभी मांगो को राज्य सरकार द्वारा पूरी कर दी गई हैं, जिनमें सभी 15 अवैध अनाधिकृत मस्जिदों को बंद करना भी शामिल है, इसलिए प्रस्तावित 24 घंटे का बंद उचित नहीं है।

इटानगर में मीडियाकर्मियों को संबोधित करते हुए राज्य सरकार के प्रवक्ता सोना ने कहा कि एपीआईवाईओ की मांगों को गंभीरता से लेते हुए राज्य सरकार ने कार्रवाई की है और उनकी सभी मांगें, जैसे अवैध अप्रवासन, दैनिक बाजार बंद करना और अवैध मस्जिदों को बंद करना शामिल था और सरकार द्वारा इसे पूरा कर लिया गया है। इटानगर क्षेत्र में कथित तौर पर अवैध निर्माण की गई सभी 15 मस्जिदों को बंद कर दिया गया है।

उन्होंने कहा कि इनमें से 12 मस्जिदों को जिला प्रशासन द्वारा पहले ही सील या बंद कर दिया गया था, जबकि शेष तीन, जो कथित तौर पर निजी भूमि पर चल रही थीं, उन्हें भी जिला प्रशासन की अधिसूचना के अनुसार 3 जून को बंद कर दिया गया था।

उन्होंने कहा कि एपीआईवाईओ की मुख्य मांग पूरी हो गई है और सभी 15 मस्जिदें अब संचालित नहीं हैं।

इसलिए इस मुद्दे पर 24 घंटे राजधानी के बंद की घोषणा उचित नहीं है। उन्होंने एपीआईवाईओ टीम से राजधानी जिला कार्यालय से आधिकारिक दस्तावेज प्राप्त करने और एपीआईवाईओ टीम से घोषित बंद का आह्वान वापस लेने का अनुरोध किया क्योंकि बंद का आह्वान समाधान नहीं है, यह केवल आम जनता को परेशान कर सकता है और समाज को नुकसान पहुंचा सकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी