home page

‘वंदे मातरम्’ का 150 वर्ष: ‘नमामि भारतम्’ के तहत विशेष पोस्टर जारी

 | 
‘वंदे मातरम्’ का 150 वर्ष: ‘नमामि भारतम्’ के तहत विशेष पोस्टर जारी


गुवाहाटी, 25 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पूरे होने के अवसर पर विद्या भारती पूर्वोत्तर क्षेत्र ने मंगलवार को ‘नमामि भारतम्’ पहल के तहत विशेष पोस्टरों की श्रृंखला जारी की। इस पहल का उद्देश्य ‘वंदे मातरम्’ की गौरवशाली यात्रा, राष्ट्रीय चेतना के निर्माण में इसके योगदान और देशभक्ति की इसकी स्थायी भावना को जन-जन तक पहुंचाना है।

पोस्टर विमोचन कार्यक्रम में विद्या भारती पूर्वोत्तर क्षेत्र के संगठन सचिव डॉ. पवन तिवारी, क्षेत्रीय मंत्री जगदिंद्र राय चौधरी, शिशु शिक्षा समिति के अध्यक्ष कुलेंद्र कुमार भगवती, महासचिव जगन्नाथ राजबंशी सहित विद्या भारती के अन्य पदाधिकारी, कार्यकर्ता और शुभचिंतक मौजूद रहे।

इस अवसर पर पदाधिकारियों ने कहा कि ‘वंदे मातरम्’ केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत की राष्ट्रीय चेतना, मातृभूमि के प्रति समर्पण और स्वतंत्रता आंदोलन की प्रेरणादायी विरासत का प्रतीक है। राष्ट्रीय गीत के 150 वर्ष पूरे होना प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व का विषय है।

शिशु शिक्षा समिति, असम के प्रचार संयोजक मुकुटेश्वर गोस्वामी ने कहा कि विद्या भारती पूर्वोत्तर क्षेत्र ‘वंदे मातरम्’ के ऐतिहासिक और सांस्कृतिक महत्व से समाज को परिचित कराने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर रहा है।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने देशभक्ति की भावना को और मजबूत करने तथा ‘वंदे मातरम्’ के संदेश को समाज के व्यापक वर्ग तक पहुंचाने का संकल्प लिया।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश