असम में अनुशासनहीनता पर कांग्रेस के 15 कार्यकर्ता छह वर्षों के लिए निष्कासित
गुवाहाटी, 29 मार्च (हि.स.)। असम प्रदेश कांग्रेस कमेटी (एपीसीसी) ने पार्टी अनुशासन के उल्लंघन और कथित तौर पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में संलिप्तता के आरोप में 15 कांग्रेस कार्यकर्ताओं को तत्काल प्रभाव से छह वर्षों के लिए निष्कासित कर दिया है।
यह कार्रवाई एपीसीसी अध्यक्ष गौरव गोगोई के निर्देश पर की गई है। जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि संबंधित कार्यकर्ता पार्टी की नीतियों और अनुशासन के विरुद्ध कार्य करते पाए गए, जिसके चलते उनके खिलाफ सख्त कदम उठाया गया है।
निष्कासित किए गए कार्यकर्ताओं में तिताबर के भास्कर ज्योति बरुवा, गौरीपुर के अबुल मियां, चेंगा के आफतादुर अली खान, उधरबंद के तपन दास, काटिगोरा के संदीप दास, बरखोला के जहुरुल इस्लाम बरभुइयां, करीमगंज साउथ के अजीज अहमद खान, रामकृष्ण नगर (एससी) के डॉ. अनुप कुमार दास, बोको-छयगांव की लाबन्या बोरो, डिमोरिया (एससी) के नितुल दास, रंगापारा के गिरिंद्र कुमार भुइयां, तेजपुर की पल्लवी सैकिया, राहा (एससी) के मुकुट दास, खोवांग के बीजू दोवराह तथा दलगांव के आयनुल हक शामिल हैं।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, यह निर्णय संगठन में अनुशासन बनाए रखने और पार्टी विरोधी गतिविधियों पर सख्त रुख अपनाने के उद्देश्य से लिया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

