बाउखुंगरी महोत्सव 2026 का 12 से 14 अप्रैल तक आयोजन, होरिनागुरी में भव्य तैयारियां
कोकराझार (असम), 22 मार्च (हि.स.)। हर वर्ष की तरह इस बार भी 13वां बाउखुंगरी महोत्सव 2026 आगामी 12 से 14 अप्रैल तक कोकराझार जिले के होरिनागुरी में तीन दिवसीय कार्यक्रमों के साथ आयोजित किया जाएगा। इस महोत्सव में विभिन्न रंगारंग और पारंपरिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा, जो क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को प्रदर्शित करेगा।
इसकी जानकारी बीटीसी के एमसीएलए एवं बाउखुंगरी महोत्सव आयोजन समिति के अध्यक्ष धनश्वर ग्यारी ने कोकराझार के तेंगापारा स्थित अपने आवास पर आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन के दौरान दी।
उन्होंने बताया कि महोत्सव में पारंपरिक हिल ट्रेकिंग प्रतियोगिता, स्वदेशी खेलों की प्रतिस्पर्धाएं और विभिन्न जातीय व्यंजनों के स्टॉल प्रमुख आकर्षण होंगे। इसके साथ ही ब्विसागु नृत्य, बागुरुम्बा नृत्य तथा विभिन्न समुदायों के गीत-संगीत और नृत्य प्रस्तुतियां सांस्कृतिक कार्यक्रमों को जीवंत बनाएंगी।
हिल ट्रेकिंग प्रतियोगिता के विजेताओं के लिए आकर्षक नकद पुरस्कार भी घोषित किए गए हैं। पुरुष और महिला दोनों वर्गों में प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त करने वालों को क्रमशः 50 हजार रुपये, 30 हजार रुपये और 20 हजार रुपये प्रदान किए जाएंगे।
इसके अतिरिक्त, महोत्सव के दौरान खमलैनाय, गिला गेलेनाय और बिफांग बुखुनाय जैसे पारंपरिक खेलों का भी आयोजन किया जाएगा। खमलैनाय प्रतियोगिता में भी पुरुष और महिला वर्ग के विजेताओं को क्रमशः 10 हजार रुपये, 7 हजार रुपये और 5 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की जाएगी।
ग्यारी ने बताया कि हिल ट्रेकिंग प्रतियोगिता में देशभर से प्रतिभागियों के शामिल होने की संभावना है। उन्होंने सभी वर्गों के लोगों से, जाति-धर्म से ऊपर उठकर, इस महोत्सव में भाग लेने और विशेष रूप से 14 अप्रैल को आयोजित पारंपरिक सामूहिक हिल ट्रेकिंग में शामिल होकर इस उत्सव को सफल बनाने का आह्वान किया।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

