home page

132 केवी टावर लाइन निर्माण का विरोध

 | 

इटानगर, 24 मार्च (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश अपर सुबनसिरी जिले के नीमा, लिंको, सिकारिजो और दुलोम गांवों से होकर गुजरने वाली 132 केवी टावर-आधारित ट्रांसमिशन लाइन के प्रस्तावित निर्माण को लेकर दुलोम वेलफेयर सोसाइटी (डीडब्ल्यूएस) ने कड़ी विरोध जताया है।

डीडब्ल्यूएस के अध्यक्ष जीगियम लामदिक ने मंगलवार को अरुणाचल प्रेस क्लब में आयोजित एक संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए दावा किया कि सोसाइटी ने जिला प्रशासन से मौखिक और लिखित दोनों माध्यमों से बार-बार संपर्क किया है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है।

यह स्पष्ट करते हुए कहा कि सोसाइटी विकास के खिलाफ नहीं है, लामदिक ने आरोप लगाया कि संबंधित अधिकारियों ने परियोजना शुरू करने से पहले कोई जन सुनवाई या गांवबूढ़ा (एचजीबी) से परामर्श नहीं किया।

उन्होंने आगे कहा कि प्रस्तावित ट्रांसमिशन लाइन से स्थानीय निवासियों और बुनियादी ढांचे, जिसमें सुभाष चंद्र बोस स्कूल भी शामिल है को संभावित खतरा है, क्योंकि इसका मार्ग कथित तौर पर चारों गांवों के बीच से होकर गुजरता है।

सोसाइटी ने कहा कि हाल ही में हुई एक जनसभा में सर्वसम्मति से यह संकल्प लिया गया कि जब तक उनकी चिंताओं का समाधान नहीं हो जाता, तब तक वे इस परियोजना का विरोध करेंगे।

उन्होंने इस बात पर भी जोर दिया कि परियोजना के कार्यान्वयन से गांवों के पैतृक पर्यावरणीय और पारिस्थितिक संतुलन में बाधा आएगी, जिसके लिए मार्गों पर सावधानीपूर्वक विचार करने और उन्हें फिर से व्यवस्थित करने की आवश्यकता है।

हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी