13 से 15 नवंबर तक आयोजित होगा चौथा प्रागज्योतिषपुर साहित्य महोत्सव
गुवाहाटी, 06 नवंबर (हि.स.)। चौथा प्रागज्योतिषपुर साहित्य महोत्सव आगामी 13 से 15 नवंबर तक गौहाटी विश्वविद्यालय परिसर स्थित फणीधर दत्त सभागार में आयोजित किया जाएगा। शंकरदेव शिक्षा एवं अनुसंधान न्यास की ओर से आयोजित इस तीन दिवसीय साहित्य महोत्सव में मुख्य व्याख्यान, परिचर्चा सत्र, कार्यशाला, पुस्तक मेला और बहुभाषी कवि सम्मेलन सहित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
महोत्सव के सचिव विक्रम कलिता ने बताया कि पहले दिन गौहाटी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर ननी गोपाल महंत मुख्य विषय पर व्याख्यान देंगे। उद्घाटन सत्र में प्रागज्योतिषपुर विश्वविद्यालय के आचार्य एवं सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल राणा प्रताप कलिता स्वागत भाषण देंगे। इस अवसर पर डिब्रूगढ़ विश्वविद्यालय की सेवानिवृत्त प्रोफेसर एवं प्रख्यात साहित्यकार करबी डेका हजारिका मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगी।
उद्घाटन और समापन सत्र के अलावा समाज, इतिहास, पर्यावरण, साहित्य और सिनेमा सहित विभिन्न विषयों पर छह परिचर्चा सत्र आयोजित किए जाएंगे। इनमें असम के विभिन्न हिस्सों से लेखक, लेखिकाएं, शोधकर्ता और साहित्यकार हिस्सा लेंगे।
महोत्सव के तहत 15 नवंबर को विद्यार्थियों के लिए चित्रकला प्रतियोगिता और कविता पाठ कार्यशाला आयोजित की जाएगी। इस कार्यशाला में असम की प्रसिद्ध कवयित्री एवं उद्घोषिका अवनी बोरा प्रशिक्षक के रूप में उपस्थित रहेंगी।
आयोजन समिति के अनुसार, 13 और 14 नवंबर की शाम 'काव्य कावेरी' शीर्षक से विशेष काव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें उभरते कवियों को अपनी स्वरचित कविताओं के पाठ का अवसर मिलेगा।
समापन समारोह में नगालैंड के उच्च शिक्षा मंत्री तेमजेन इमना अलोंग, प्रख्यात नाटककार प्रोफेसर पोना महंत तथा इंडिया टुडे नॉर्थईस्ट के संपादक और इंडिया टुडे पत्रिका के प्रबंध संपादक कौशिक डेका शामिल होंगे।
आयोजक समिति ने बताया कि समापन समारोह में दो साहित्यकारों को प्रागज्योतिषपुर साहित्य पुरस्कार और प्रागज्योतिषपुर साहित्य पुरस्कार (युवा) से सम्मानित किया जाएगा।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

