home page

डिमोरिया समजिला में आयोजित 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह

 | 
डिमोरिया समजिला में आयोजित 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस समारोह


गुवाहाटी, 21 जून (हि.स.)। ‘स्वस्थ वृद्धावस्था के लिए योग’ (योगा फार हेल्दी एजिंग) विषय के साथ रविवार को डिमोरिया समजिला प्रशासन के सहयोग तथा राष्ट्रीय आयूष मिशन के तत्वावधान में कमारकुची स्थित लक्ष्मीबाई राष्ट्रीय शारीरिक शिक्षा संस्थान में 12वां अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया।

इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होकर असम सरकार के वित्त, पर्यावरण एवं वन तथा खनिज एवं खनन मंत्री जयंत मल्ल बरुवा ने कहा कि नियमित योगाभ्यास से वृद्धावस्था को स्वस्थ एवं सक्रिय बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इसी संदेश को लेकर पूरे देश में अंतरराष्ट्रीय योग दिवस मनाया जा रहा है। योग के नियमित अभ्यास से भारत को एक स्वस्थ राष्ट्र के रूप में विकसित करने में मदद मिलेगी। उन्होंने लोगों से प्रतिदिन योग करने का आह्वान करते हुए कहा कि असम में स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से 32 लाख से अधिक महिलाएं योग से जुड़ चुकी हैं।

डिमोरिया के विधायक डॉ. तपन दास ने कहा कि योग मन, शरीर और आत्मा को एकसूत्र में जोड़ने वाली एक वैज्ञानिक पद्धति है। उन्होंने कहा कि नियमित योगाभ्यास से उम्र बढ़ने के साथ होने वाली अनेक शारीरिक समस्याओं से काफी हद तक राहत मिल सकती है, इसलिए सभी को योग को अपने जीवन का हिस्सा बनाना चाहिए।

कार्यक्रम में कामरूप महानगर जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए पांच योग प्रशिक्षकों ने योग का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. बी कल्याण चक्रवर्ती, असम राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के मिशन निदेशक कुंतलमणि शर्मा बरदलै, जिला परिषद की मुख्य कार्यकारी अधिकारी कल्पना डेका, सहायक आयुक्त ऋची वंदना गोगोई, डिमोरिया समजिला के सहायक आयुक्त हीरक ज्योति सैकिया सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, विद्यार्थी, स्वयं सहायता समूहों की सदस्याएं, पंचायत प्रतिनिधि, सुरक्षा बलों के जवान और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।

इसी प्रकार न्यू गुवाहाटी तथा जालुकबाड़ी समजिलाओं में भी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस गरिमापूर्ण ढंग से मनाया गया।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश