असम के रूपहीहाट में पिकअप वैन के गुप्त तहखाने से 12 मवेशी बरामद
नगांव (असम), 24 अक्टूबर (हि.स.)। असम के नगांव जिले के रूपहीहाट में पुलिस ने शनिवार को कथित मवेशी तस्करी के एक मामले का पर्दाफाश करते हुए एक पिकअप वैन से 12 मवेशियों को बरामद किया।
पुलिस के अनुसार, मवेशियों की अवैध तस्करी के खिलाफ चलाए गए अभियान के दौरान मालवाहक पिकअप वैन को रोककर उसकी तलाशी ली गई। इस दौरान वाहन के भीतर लकड़ी से बना एक गुप्त कक्ष मिला, जिसका इस्तेमाल मवेशियों को छिपाकर ले जाने के लिए किया जा रहा था।
तलाशी के दौरान गुप्त कक्ष में 12 मवेशी ठूंसकर रखे गए थे और उनके पैर बंधे हुए थे। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई कि मवेशियों को अवैध रूप से दूसरे राज्य में ले जाया जा रहा था।
पुलिस ने बरामद सभी मवेशियों को सुरक्षित देखभाल, चारा और भोजन की व्यवस्था के लिए स्थानीय गोशाला में भेज दिया है।
हालांकि, पुलिस की कार्रवाई के दौरान संदिग्ध तस्कर मौके से फरार होने में सफल रहे। रूपहीहाट पुलिस ने पिकअप वैन के मालिक की पहचान करने, फरार आरोपितों का पता लगाने और इस अवैध तस्करी में शामिल नेटवर्क का खुलासा करने के लिए जांच शुरू कर दी है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

