असम सरकार के 100 दिन: विकास, सुशासन और जनकल्याण को भाजपा ने बताया उपलब्धियों का नया अध्याय
गुवाहाटी, 29 अगस्त (हि.स.)। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व वाली असम सरकार के पहले 100 दिनों को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने विकास, सुशासन और जनकल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धियों का कालखंड बताया है। भाजपा, असम प्रदेश के मीडिया पैनलिस्ट दिलीप कुमार सरमा ने शनिवार को प्रदेश मुख्यालय अटल बिहारी वाजपेयी भवन से जारी बयान में कहा कि सरकार ने चुनावी संकल्पों को धरातल पर उतारने की दिशा में तेजी से काम किया है।
दिलीप कुमार सरमा ने कहा कि इन 100 दिनों में कानून-व्यवस्था, अवसंरचना, स्वास्थ्य, शिक्षा, वन एवं पर्यावरण, कृषि, उद्योग और ऊर्जा समेत विभिन्न क्षेत्रों में सरकार ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। युवाओं के सर्वांगीण विकास के लिए युवा सशक्तिकरण एवं विकास विभाग का गठन किया गया, जबकि महिलाओं को सशक्त बनाने के उद्देश्य से अरुणोदय 3.0 शुरू किया गया, जिससे 37 लाख महिलाओं को लाभ मिलने का दावा किया गया है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री मातृ योजना के तहत 78,490 माताओं को डीबीटी के माध्यम से 23.26 करोड़ रुपये की सहायता दी गई। बालिका शिक्षा और बाल विवाह की रोकथाम के लिए निजुत मोइना योजना में 5.16 लाख छात्राओं को शामिल किया गया है। वहीं, उच्च शिक्षा के लिए निजुत बाबू योजना शुरू की गई है, जिससे 99 हजार से अधिक छात्रों को लाभ मिलने की उम्मीद है।
स्वास्थ्य क्षेत्र में गौहाटी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल के विस्तार की दिशा में कदम उठाए गए हैं। इसमें आईसीयू क्षमता बढ़ाने के साथ अस्पताल की कुल बिस्तर क्षमता 4,500 करने की पहल शामिल है। भाजपा के अनुसार, असम का मातृ मृत्यु अनुपात घटकर 84 हो गया है, जो राष्ट्रीय औसत से कम है।
शिक्षा के क्षेत्र में आईआईएम गुवाहाटी के प्रथम वर्ष के एमबीए पाठ्यक्रम की शुरुआत को भी महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया गया। इसके अलावा दो इंजीनियरिंग कॉलेज, टिंगखांग पॉलिटेक्निक और दो मॉडल डिग्री कॉलेजों का निर्माण पूरा होने की जानकारी दी गई।
कृषि क्षेत्र में किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य के अतिरिक्त धान पर 200 रुपये और सरसों पर 300 रुपये अतिरिक्त देने के सरकार के निर्णय का भी उल्लेख किया गया। पर्यावरण संरक्षण की दिशा में विद्यार्थियों की भागीदारी से पूरे राज्य में 1.5 करोड़ पौधों के रोपण को भी सरकार की प्रमुख उपलब्धियों में गिनाया गया।
रोजगार के मुद्दे पर भाजपा नेता ने कहा कि अगले पांच वर्षों में दो लाख युवक-युवतियों को सरकारी क्षेत्र में नियुक्ति देने की घोषणा की गई है। साथ ही 200 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया गया है।
दिलीप कुमार सरमा ने हाल में ऊपरी असम के चार जिलों में आई विनाशकारी बाढ़ का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि आपदा की घड़ी में मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्वा सरमा के नेतृत्व वाली सरकार प्रभावित लोगों के साथ मजबूती से खड़ी रही और बचाव एवं राहत कार्यों को तेजी से संचालित किया। अब प्रभावित लोगों के दीर्घकालिक पुनर्वास और स्थायी क्षतिपूर्ति के लिए मिशन मोड में काम किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि सरकार के ये 100 दिन केवल समय की गणना नहीं, बल्कि संकल्प, सुशासन, उपलब्धियों और परिवर्तन के 100 दिन हैं। उनके अनुसार, महिला सशक्तिकरण, युवा अवसर, शिक्षा, स्वास्थ्य, किसान कल्याण, पर्यावरण संरक्षण और आपदा के समय जनसेवा के माध्यम से सरकार ने अधिक सशक्त, समृद्ध, आत्मनिर्भर और भविष्य के लिए तैयार असम के निर्माण की दिशा तय की है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

