हैलाकांदी के जिला कृषि अधिकारी निलंबित, पांच एडीओ पर भी हुई थी कार्रवाई
हैलाकांदी (असम), 31 अक्टूबर (हि.स.)। असम के कृषि विभाग ने किसानों के पंजीकरण की प्रक्रिया में लापरवाही बरतने के आरोप में हैलाकांदी के जिला कृषि अधिकारी मनोज कुमार बैश्य को निलंबित कर दिया है। उनके खिलाफ विभागीय जांच के भी आदेश दिए गए हैं।
इससे पहले इसी मामले में जिले के पांच कृषि विकास अधिकारियों (एडीओ) को निलंबित किया गया था। इन अधिकारियों पर किसानों के पंजीकरण की प्रक्रिया में लापरवाही बरतने का आरोप लगा था।
पांच एडीओ के निलंबन के बाद अब जिला कृषि अधिकारी के खिलाफ भी विभाग ने कार्रवाई की है। कृषि विभाग की ओर से यह आदेश कृषि मंत्री पीयूष हजारिका के हैलाकांदी दौरे के बाद जारी किया गया।
जिला कृषि अधिकारी के खिलाफ विभागीय जांच के आदेश दिए गए हैं। जांच में किसानों के पंजीकरण में हुई कथित गड़बड़ियों और अधिकारियों की जिम्मेदारी की पड़ताल की जाएगी।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

