home page

हिमंत बिस्व सरमा की उम्मीदवारी रद्द करने की मांग

 | 
हिमंत बिस्व सरमा की उम्मीदवारी रद्द करने की मांग


गुवाहाटी, 06 अप्रैल (हि.स.)। असम विधानसभा चुनाव में अब केवल दो दिन शेष रहने के बीच प्रदेश कांग्रेस ने सोमवार को राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी से मुलाकात कर मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा की उम्मीदवारी रद्द करने की मांग की। पार्टी ने उनके चुनावी शपथपत्र में कथित अनियमितताओं का आरोप लगाया है।

जालुकबाड़ी सीट से कांग्रेस उम्मीदवार विदिशा नेओग के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्य निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। इस प्रतिनिधिमंडल में छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, एआईसीसी सचिव मनोज चौहान तथा कामरूप (मेट्रो) जिला कांग्रेस अध्यक्ष स्वप्न दास भी शामिल थे।

ज्ञापन में कांग्रेस ने आरोप लगाया कि हिमंत बिस्व सरमा ने 2026 के असम विधानसभा चुनाव के लिए दायर अपने शपथपत्र में जानबूझकर अपनी संपत्ति से जुड़ी जानकारी छिपाई है। पार्टी ने इस मामले पर तुरंत संज्ञान लेकर कार्रवाई करने की मांग की।

प्रतिनिधिमंडल ने शपथपत्र की सत्यता और पूर्णता की जांच के लिए त्वरित और विस्तृत जांच के निर्देश देने की भी मांग की। साथ ही, त्रुटिपूर्ण शपथपत्र के आधार पर सरमा की उम्मीदवारी रद्द करने की प्रक्रिया शुरू करने का आग्रह किया गया।

कांग्रेस ने यह भी कहा कि गलत शपथपत्र दाखिल करना जन प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 125ए के तहत दंडनीय अपराध है। इस मामले में सरमा के खिलाफ आपराधिक मामला दर्ज करने की मांग की गई है, जिसमें दोषी पाए जाने पर अधिकतम् छह महीने की सजा का प्रावधान है।-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश