home page

सिलचर में नाइजीरियाई नागरिक गिरफ्तार, शरण देने के आरोप में चार अन्य गिरफ्तार

 | 
सिलचर में नाइजीरियाई नागरिक गिरफ्तार, शरण देने के आरोप में चार अन्य गिरफ्तार


कछार (असम), 27 मार्च (हि.स.)। सिलचर में पुलिस और असम राइफल्स के संयुक्त अभियान में एक नाइजीरियाई नागरिक को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को बताया कि इस मामले में उसे शरण देने के आरोप में चार अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया गया है।

पुलिस के अनुसार, विशेष सूचना के आधार पर सिलचर के शिलांग पट्टी इलाके में घूम रहे उक्त संदिग्ध विदेशी नागरिक को पकड़ा गया। गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान एमेका एसेडो के रूप में हुई है।

अपराध शाखा के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रजत पाल ने मीडिया को बताया कि आरोपित के पास भारत में प्रवेश या रहने के लिए कोई वैध दस्तावेज नहीं था, जिसके चलते उसे गिरफ्तार किया गया। संदेह के आधार पर पुलिस ने मालुग्राम स्थित एक किराए के मकान में तलाशी ली, जहां से एक पहचान पत्र और समाप्त हो चुका वीजा बरामद किया गया। हालांकि, पहचान पत्र असली है या नकली, इसकी पुष्टि अभी नहीं हो सकी है, लेकिन उस पर एमेका एसेडो का नाम दर्ज है।

प्रारंभिक पूछताछ में आरोपित ने दावा किया कि वह दिल्ली से सिलचर आया था, लेकिन पुलिस को संदेह है कि वह म्यांमार से मिजोरम के रास्ते भारत में दाखिल होकर सिलचर पहुंचा हो सकता है।

जांच में यह भी सामने आया कि वह मालुग्राम इलाके में किराए के मकान में रह रहा था। इस मामले में पुलिस ने मिजो महिला मालसावमी डांगी के अलावा मकान मालिक टिंकू हुसैन बरभुइयां और उनकी पत्नी रूमिना बेगम बरभुइयां को भी हिरासत में लिया है।

फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि विदेशी नागरिक सिलचर में गुप्त रूप से रह रहा था या किसी की मदद से यहां पहुंचा था। उसके यहां आने के उद्देश्य को लेकर भी जांच जारी है।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश