श्रीभूमि में युवक ने की दो भाइयों की हत्या, मां-पिता और एक अन्य भाई की हालत गंभीर, गिरफ्तार
श्रीभूमि (असम), 13 नवंबर (हि.स.)। श्रीभूमि जिलांतर्गत दक्षिण करीमगंज विधानसभा क्षेत्र के निलामबाजार इलाके में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। एक युवक ने कथित तौर पर बीती देर रात अपने ही परिवार पर जानलेवा हमला कर दो भाइयों की हत्या कर दी। पुलिस ने आज बताया कि हमले में मां -पिता और एक भाई गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। तीनों की हालत नाजुक बताई जा रही है।
आरोपित की पहचान फारूक अहमद के रूप में हुई है। आरोप है कि उसने अपने परिवार के सदस्यों पर बेरहमी से हमला किया, जिसमें उसके दो भाइयों और पिता की मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल मां-पिता एवं भाई को उन्नत इलाज के लिए सिलचर मेडिकल कॉलेज एंड अस्पताल में रेफर किया गया है।
घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस के आलाधिकारी एवं फॉरेंसिक टीम पहुंचकर सुबह जांच-पड़ताल आरंभ किया। इस बीच पुलिस टीम ने अभियान चलाकर मुख्य आरोपित फारूक अहमद को गिरफ्तार कर लिया।
फिलहाल इस जघन्य हत्याकांड के पीछे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

