राज्यपाल ने उद्योगपतियों की बैठक की अध्यक्षता की
- कहा असम निवेश के लिए तेजी से उभरता केंद्र
गुवाहाटी, 06 अप्रैल (हि.स.)। असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने सोमवार को असम लोक भवन में भारतीय उद्योग एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल के साथ उद्योगपतियों की एक महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता की।
बैठक में राज्यपाल ने कहा कि असम अपनी सामरिक स्थिति, बेहतर कनेक्टिविटी, नीतिगत सहयोग और निवेशकों के अनुकूल वातावरण के कारण देश का प्रमुख निवेश गंतव्य बनकर उभर रहा है। उन्होंने राज्य के बुनियादी ढांचे तथा औद्योगिक विकास में केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण भूमिका का उल्लेख करते हुए सेमीकंडक्टर जैसे उभरते क्षेत्रों में भी असम की संभावनाओं पर जोर दिया।
उन्होंने उद्योग जगत से राज्य की अपार संभावनाओं को तलाशने का आग्रह करते हुए आश्वस्त किया कि राज्य सरकार एक अनुकूल, पारदर्शी और निवेश-हितैषी वातावरण प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है, ताकि समावेशी और सतत आर्थिक विकास सुनिश्चित किया जा सके। राज्यपाल ने कहा कि उद्योगपति असम की विकास यात्रा में सक्रिय भूमिका निभाएं।
बैठक के दौरान उन्होंने “एडवांटेज असम-2.0” जैसे महत्वपूर्ण पहल की चर्चा की, जो विभिन्न क्षेत्रों में निवेश आकर्षित करने में अहम भूमिका निभा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि एमएसएमई क्षेत्र रोजगार सृजन और समावेशी विकास का आधार है, इसलिए इसे और मजबूत करने की आवश्यकता है।
इससे पहले असम के उद्योग आयुक्त नरेन्द्र शाह ने “असम—भारत का सबसे तेज़ी से विकसित होता राज्य” विषय पर विस्तृत प्रस्तुति दी, जिसमें राज्य की प्रतिस्पर्धात्मक बढ़त, विकसित होते बुनियादी ढांचे और अनुकूल औद्योगिक वातावरण को रेखांकित किया गया। भारतीय उद्योग एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष दिनेश गोयल ने भी अपने विचार व्यक्त किए।
कार्यक्रम में “इंडस्ट्रियल सिनेरियो इन असम” पर आधारित एक डॉक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित की गई। स्वागत भाषण राज्यपाल के सचिव एसएस मीनाक्षी सुंदरम ने दिया, जबकि धन्यवाद् ज्ञापन एसएन भौमिक ने प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम में असम की प्रथम महिला कुमुद देवी भी मौजूद रहीं।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

