home page

रंगिया में 50 करोड़ रुपये के निवेश से रक्षा उपकरण निर्माण परियोजना शुरू: भाजपा

 | 
रंगिया में 50 करोड़ रुपये के निवेश से रक्षा उपकरण निर्माण परियोजना शुरू: भाजपा


गुवाहाटी, 26 नवंबर (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा ने रंगिया के तुलसीबाड़ी में रक्षा उपकरण निर्माण परियोजना का भूमिपूजन और शिलान्यास बीते बुधवार को किया। इसके साथ ही राज्य के औद्योगिक विकास में एक नया अध्याय जुड़ गया है।

असम प्रदेश भाजपा की ओर से जारी एक बयान में आज बताया गया है कि मुंबई की कंपनी स्पीड फॉर डिफेंस सिस्टम्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा लगभग 14 एकड़ भूमि पर स्थापित की जा रही इस परियोजना के पहले चरण में करीब 50 करोड़ रुपये का निवेश किया जाएगा। जनवरी 2028 तक यहां उत्पादन शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है।

परियोजना पूरी तरह से चालू होने के बाद प्रतिवर्ष लगभग 5,000 पूर्वनिर्मित संरचनाओं, 300 भूमिगत बंकरों, 100 ड्रोन रोधी प्रणालियों और 1,500 ड्रोन का निर्माण किया जा सकेगा। शुरुआती चरण में करीब 150 लोगों को प्रत्यक्ष रोजगार मिलेगा, जबकि पूर्ण क्षमता से संचालन शुरू होने पर रोजगार का आंकड़ा बढ़कर लगभग 500 हो जाएगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार पारंपरिक उद्योगों के साथ-साथ रक्षा उत्पादन जैसे नए क्षेत्रों में भी निवेश आकर्षित करने पर विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने रक्षा कंपनियों को असम में निवेश के लिए प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से असम एयरोस्पेस एवं रक्षा विनिर्माण नीति-2025 में संशोधन करने की भी बात कही।

-----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश