मणिपुर में कई अभियानों में भारी मात्रा में हेरोइन बरामद, उग्रवादी गिरफ्तार
इंफाल, 29 सितंबर (हि.स.)। मणिपुर में सुरक्षा बलों और पुलिस ने 28 सितंबर को विभिन्न स्थानों पर अभियान चलाकर संदिग्ध हेरोइन बरामद की तथा प्रतिबंधित उग्रवादी संगठनों से जुड़े कई कथित सदस्यों को गिरफ्तार किया। अधिकारियों द्वारा आज दी गई जानकारी के अनुसार, अभियानों के दौरान मादक पदार्थ, नकदी, वाहन और एक लैपटॉप भी जब्त किया गया।
पोरमपाट थाना पुलिस की टीम ने क्षत्रिगाओ सबाल लीकाई में एक लावारिस ए-स्टार कार (एमएन-01डब्ल्यू-9822) बरामद की। वाहन की तलाशी के दौरान पिछली सीट पर रखे एक बैग से संदिग्ध हेरोइन पाउडर से भरे 12 प्लास्टिक के साबुनदानी के डिब्बे मिले, जिनका कुल वजन 327 ग्राम था। जब्त मादक पदार्थ और वाहन को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए कब्जे में ले लिया गया।
एक अन्य अभियान में इम्फाल पूर्व के सीडीओ और सुरक्षा बलों की संयुक्त टीम ने संजेनबाम खुनौ में कार्रवाई करते हुए केसीपी (नोंगद्रेनखोम्बा) के सक्रिय सदस्य वाइखोम हीरो मैतेई उर्फ इबोमचा (23) को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, वह संगठन के अन्य कैडरों के साथ मिलकर पहले टॉप अवांग लीकाई स्थित एक महिला के घर से उसके अपहरण में शामिल था। उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए लामलाई थाने को सौंपा जा रहा है।
इस बीच, सीडीओ-बिष्णुपुर ने एनआरएफएम के सक्रिय सदस्य मोहम्मद इस्लाउद्दीन उर्फ इबोसाना (55), पुत्र स्वर्गीय मोहम्मद जाहेरुद्दीन, निवासी लिलोंग मैरेन खुन, को लिलोंग तैरेन मखोंग से गिरफ्तार किया। उस पर संगठन के लिए नए कैडरों की भर्ती में शामिल होने का आरोप है।
एक अलग अभियान में स्पेशल सीडीओ यूनिट, खाबेसोई ने वाइखोम सेना (24), पुत्र वाइखोम सनायाइमा, निवासी लुवांगसांगबाम मामांग लीकाई, इम्फाल पूर्व, को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, वह एनआरएफएम का सक्रिय सदस्य था और संगठन की ओर से सोशल मीडिया तथा दैनिक समाचार पत्रों के लिए लेख तैयार करने और प्रकाशित करने में शामिल था। उस पर अनधिकृत धन लेनदेन में शामिल होने का भी आरोप है। वह इम्फाल पूर्व के मणिपुर स्टूडेंट फेडरेशन (एमएसएफ) का अध्यक्ष भी है।
पुलिस ने उसके आवास से 2,67,500 रुपये नकद बरामद किए, जिसमें 500 रुपये के 535 नोट शामिल हैं। पुलिस ने इसे कथित रूप से वसूली गई रकम बताया है। इसके अलावा संगठन के लेख और प्रेस विज्ञप्तियां तैयार करने में इस्तेमाल किया जाने वाला एक एप्पल मैकबुक भी बरामद किया गया।
एक अन्य मादक पदार्थ विरोधी अभियान में इम्फाल पूर्व जिला पुलिस, सुरक्षा बलों और यदाम की संयुक्त टीम ने विश्वसनीय सूचना के आधार पर पोरमपाट थाना क्षेत्र के नोंगमेइबुंग में कार्रवाई की। अभियान के दौरान क्वाक्टा निवासी मोहम्मद अयूब खान (24) और मोहम्मद टोम्बा (30) को गिरफ्तार किया गया।
संयुक्त टीम ने उनके कब्जे से संदिग्ध हेरोइन नंबर-4 से भरे 12 साबुनदानी बरामद किए, जिनका कुल वजन 157 ग्राम था। इसके अलावा एमएन01सीएस-3664 पंजीकरण संख्या वाली एक मारुति सुजुकी वैन भी जब्त की गई। सभी मामलों में आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
-----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

