मणिपुरः ग्रेटर इंफाल में हिंसा और अशांति फैलाने के आरोप में छह गिरफ्तार, सुरक्षा कड़ी
इंफाल, 26 अप्रैल (हि.स.)। मणिपुर पुलिस ने ग्रेटर इंफाल क्षेत्र में सार्वजनिक शांति भंग करने, हिंसा फैलाने और कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने के आरोप में छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई शनिवार को चलाए गए विशेष अभियान के तहत की, जिसका उद्देश्य क्षेत्र में शांति बहाल करना और आगे किसी भी प्रकार की अशांति को रोकना था।
रविवार को मणिपुर पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार किए गए आरोपितों की पहचान युमनाम सोमनाथ उर्फ नोंगासाबा (21), निंगथौजम प्रेम सिंह (25), सोरोखैबम रुस्तम (25), न्गैरांगबम याइखोम्बा (25), वांगखेम इंगो मेइतेई (30) और मोइरांगथेम नाओबा मेइतेई (24) के रूप में की गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ये सभी आरोपित ग्रेटर इंफाल के कुछ संवेदनशील इलाकों में हिंसक गतिविधियों और अशांति फैलाने में कथित रूप से शामिल थे। इन गतिविधियों के कारण क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हुई और कानून-व्यवस्था प्रभावित हुई।
स्थिति को नियंत्रित करने के लिए प्रशासन ने प्रभावित और संवेदनशील क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत कर दी है। अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके और आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
पुलिस ने यह भी बताया कि गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ जारी है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इन घटनाओं के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क या अन्य लोग भी शामिल हैं या नहीं। जांच एजेंसियां इस मामले से जुड़े हर पहलू की गहन जांच कर रही हैं।
प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने, अफवाहों पर ध्यान न देने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अशांति फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

