home page

भूटान में हिमनद झील हादसा के बाद कोकराझार जिला प्रशासन सतर्क

 | 
भूटान में हिमनद झील हादसा के बाद कोकराझार जिला प्रशासन सतर्क


भूटान में हिमनद झील हादसा के बाद कोकराझार जिला प्रशासन सतर्क


भूटान में हिमनद झील हादसा के बाद कोकराझार जिला प्रशासन सतर्क


-मछली बाजारों में विशेष निगरानी के निर्देश

कोकराझार (असम), 31 अक्टूबर (हि.स.)। भूटान में ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड (GLOF) की घटना के बाद संकोश नदी में बड़ी संख्या में आज मछलियों की मौत की खबरों को देखते हुए कोकराझार जिला प्रशासन ने बाजारों में निगरानी तेज कर दी है। आम लोगों के स्वास्थ्य की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने मृत, बासी एवं खाने योग्य उपयुक्त नहीं मछलियों की बिक्री पर रोक सुनिश्चित करने के लिए संबंधित विभागों को बाजारों का तत्काल निरीक्षण करने का निर्देश दिया है।

इस संबंध में शनिवार को कोकराझार जिला आयुक्त पंकज चक्रवर्ती की अध्यक्षता में डीसी कार्यालय के कॉन्फ्रेंस हॉल में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में अतिरिक्त जिला आयुक्तों, सर्किल अधिकारियों तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया। बैठक के दौरान भूटान में आई बाढ़ के बाद उत्पन्न स्थिति और एहतियाती उपायों की समीक्षा की गई।

बैठक में संकोश नदी में बड़े पैमाने पर मछलियों की मौत के बाद मृत अथवा दूषित मछलियों के स्थानीय बाजारों में पहुंचने की आशंका पर गंभीर चिंता व्यक्त की गई। विशेष रूप से कोकराझार जिले के गोसाईगांव उपमंडल के बाजारों में ऐसी मछलियों की बिक्री की आशंका को देखते हुए जिला आयुक्त ने संबंधित अधिकारियों को तत्काल बाजारों का निरीक्षण करने और मृत, बासी अथवा अनुपयुक्त मछलियों की बिक्री पर कड़ी निगरानी रखने का निर्देश दिया। साथ ही संकोश नदी से मृत मछलियों को एकत्र करने और उनकी बिक्री को रोकने के लिए भी आवश्यक कदम उठाने को कहा गया।

बैठक के बाद कोकराझार के सर्किल अधिकारी ने कार्यपालक अधिकारी (ईओ) एवं अन्य अधिकारियों के साथ स्थानीय बाजारों का निरीक्षण किया। इस दौरान मछली विक्रेताओं को मृत एवं संदिग्ध मछलियों की बिक्री नहीं करने की चेतावनी दी गई। साथ ही आम लोगों को भी ऐसी मछलियों के सेवन से होने वाले संभावित स्वास्थ्य जोखिमों के प्रति जागरूक किया गया।

जिला प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि वे सतर्क रहें और मृत, बासी अथवा संदिग्ध स्रोतों से प्राप्त मछलियों की खरीदारी तथा सेवन से बचें। लोगों को केवल विश्वसनीय स्रोतों से ताजा खाद्य सामग्री खरीदने की सलाह दी गई है। इसके अलावा बाजार में कहीं भी संदिग्ध मछलियों की बिक्री दिखाई देने पर तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना देने का आग्रह किया गया है।

इधर, संकोश नदी का जलस्तर लगातार घट रहा है और फिलहाल किसी आकस्मिक बाढ़ की आशंका नहीं जताई गई है। हालांकि, जिला प्रशासन स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए है तथा किसी भी संभावित परिस्थिति से निपटने के लिए सतर्क है।

हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा