home page

बाउखुंगरी में त्रिकोणीय मुकाबला, चुनावी रण हुआ दिलचस्प

 | 
बाउखुंगरी में त्रिकोणीय मुकाबला, चुनावी रण हुआ दिलचस्प


कोकराझार (असम), 6 अप्रैल (हि.स.)। असम में चुनावी समर के बीच 4 नंबर बाउखुंगरी विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है। इस बार यहां का चुनावी मुकाबला किसी महासंग्राम से कम नहीं माना जा रहा है, जहां निर्दलीय उम्मीदवार राजीव ब्रह्म, बीपीएफ के रूपम चंद्र राय और यूपीपीएल की प्रत्याशी प्रतिभा ब्रह्म के बीच सीधा और कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है।

राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार इस सीट पर जीत-हार का फैसला काफी हद तक महिला मतदाताओं पर निर्भर करेगा। कुल 1,66,279 मतदाताओं वाले इस क्षेत्र में 83,454 महिला मतदाता हैं, जबकि पुरुष मतदाताओं की संख्या 82,824 है। ऐसे में जिस भी उम्मीदवार को महिलाओं का अधिक समर्थन मिलेगा, उसकी जीत की राह आसान मानी जा रही है।

निर्दलीय उम्मीदवार राजीव ब्रह्म के पास लंबा राजनीतिक अनुभव है और उन्हें बोडो, अल्पसंख्यक, बंगाली तथा आदिवासी समुदायों का समर्थन प्राप्त हो रहा है। वहीं बीपीएफ ने युवा चेहरे के रूप में रूपम चंद्र राय पर दांव खेला है, जिन्हें राजवंशी समुदाय का मजबूत समर्थन मिल रहा है। हालांकि, बाहरी उम्मीदवार होने का मुद्दा और एनआरसी से जुड़े पुराने विवाद उनके लिए चुनौती बन सकते हैं।

दूसरी ओर यूपीपीएल की उम्मीदवार प्रतिभा ब्रह्म आम बोडो मतदाताओं और विशेषकर महिलाओं के बीच काफी लोकप्रिय मानी जा रही हैं। उन्हें कई निर्दलीय उम्मीदवारों का भी समर्थन मिल रहा है, जिससे उनकी स्थिति मजबूत होती दिख रही है।

परिसीमन के बाद बदले समीकरणों ने इस क्षेत्र की राजनीतिक तस्वीर को भी बदल दिया है। अब इस विधानसभा क्षेत्र में दोतमा, फकीराग्राम, बनारगांव और गुमाझोरा जैसे इलाके शामिल हैं, जहां वर्तमान में बीपीएफ का प्रभाव रहा है। ऐसे में यह आधार रूपम चंद्र राय के लिए संजीवनी साबित हो सकता है।

त्रिकोणीय मुकाबले के अलावा इस चुनावी मैदान में 12 अन्य उम्मीदवार भी अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें कांग्रेस, टीएमसी और अन्य निर्दलीय प्रत्याशी भी शामिल हैं, जो मुकाबले को और दिलचस्प बना रहे हैं। परन्तु दो निर्दलीय उम्मीदवार और एक दलीय उम्मीदवार यूपीपीएल की उम्मीदवार प्रतिभा ब्रह्म का खुला समर्थन कर यूपीपीएल में शामिल हो चुके हैं।

कुल मिलाकर बाउखुंगरी विधानसभा क्षेत्र में इस बार का चुनाव बेहद रोमांचक और कड़े मुकाबले वाला होने जा रहा है, जहां हर प्रत्याशी जीत के लिए पूरी ताकत झोंक रहा है।

हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा