बंगाईगांव में फरार दो मादक पदार्थ तस्करों की संपत्ति जब्त करने की तैयारी
बंगाईगांव (असम), 24 अक्टूबर (हि.स.)। असम के बंगाईगांव जिले के मानिकपुर में मादक पदार्थों की तस्करी के आरोपितों के खिलाफ प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। फरार दो आरोपितों सिराजुल हक और मोबारक हुसैन की संपत्तियों का ब्योरा जुटाया जा रहा है। प्रशासन की ओर से दोनों की संपत्तियों को जब्त करने की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
पुलिस सूत्रों ने आज बताया है कि सिराजुल हक और मोबारक हुसैन बंगाईगांव जिले के मानिकपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत नंबर दो भंडारा गांव के निवासी हैं। दोनों के खिलाफ बंगाईगांव थाने में कई मामले दर्ज हैं। हालांकि, दोनों आरोपित अभी तक फरार बताए जा रहे हैं।
प्रशासन का उद्देश्य मादक पदार्थों की तस्करी के मामलों में आरोपितों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई को आगे बढ़ाना है। इसी क्रम में दोनों की संपत्तियों की जानकारी एकत्र की जा रही है, ताकि नियमानुसार जब्ती की कार्रवाई की जा सके।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

