प्राग्ज्योतिषपुर विवि के नए कुलाधिपति बने सेवानिवृत्त ले.ज. राणा प्रताप कलिता
-नए कुलपति प्रोफेसर राघवेंद्र पी. तिवारी नियुक्त
गुवाहाटी, 13 मई (हि.स.)। राजधानी गुवाहाटी के चंद्रपुर स्थित प्राग्ज्योतिषपुर विश्वविद्यालय ने सफलतापूर्वक अपने तीन शैक्षणिक वर्ष पूर्ण कर लिए हैं। विश्वविद्यालय के वर्तमान कुलाधिपति और कुलपति का तीन वर्षीय कार्यकाल समाप्त होने के उपरांत, भारतीय सेना के सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट जनरल (ले.ज.) राणा प्रताप कलिता को विश्वविद्यालय का नया कुलाधिपति नियुक्त किया गया है। इसी प्रकार, पंजाब केंद्रीय विश्वविद्यालय के वर्तमान कुलपति तथा देश के अग्रणी शिक्षाविद् प्रोफेसर राघवेंद्र पी. तिवारी को अगले कार्यकाल के लिए कुलपति नियुक्त किया गया है।
बुधवार को प्राग्ज्योतिषपुर विश्वविद्यालय के ‘समुत्कर्ष भवन’ में विश्वविद्यालय प्रशासन तथा इसके संस्थापक संगठन शंकरदेव शिक्षा एवं अनुसंधान संस्था (एसईआरएफ) के संयुक्त तत्वावधान में नव-नियुक्त कुलाधिपति और कुलपति के स्वागतार्थ एक गरिमामय समारोह आयोजित किया गया। ‘एसईआरएफ’ की सचिव प्रोफेसर सुदेष्णा भट्टाचार्य द्वारा संचालित इस कार्यक्रम में नव-नियुक्त पदाधिकारियों के साथ-साथ निवर्तमान कुलाधिपति प्रोफेसर प्रदीप कुमार जोशी और निवर्तमान कुलपति प्रोफेसर स्मृति कुमार सिन्हा को औपचारिक रूप से सम्मानित किया गया।
स्वागत भाषण में प्रोफेसर स्मृति कुमार सिन्हा ने विश्वविद्यालय के प्रथम तीन शैक्षणिक वर्षों की उपलब्धियों का उल्लेख किया। नव-नियुक्त कुलपति प्रोफेसर राघवेंद्र पी. तिवारी ने अपने संबोधन में उत्तर-पूर्व भारत के साथ अपने व्यक्तिगत एवं व्यावसायिक संबंधों को स्मरण किया। उन्होंने भारतीय मूल्यों से समृद्ध उच्च शिक्षा का वातावरण निर्मित करने हेतु सभी के सहयोग की अपेक्षा व्यक्त की।
नए कुलाधिपति लेफ्टिनेंट जनरल राणा प्रताप कलिता ने शिक्षा के विभिन्न आयामों के साथ-साथ ‘समावेशी शिक्षा’ के महत्व पर प्रकाश डाला। निवर्तमान कुलाधिपति प्रोफेसर प्रदीप कुमार जोशी ने भी अपने तीन वर्षीय कार्यकाल के अनुभव साझा किए।
शंकरदेव शिक्षा एवं अनुसंधान संस्था (एसईआरएफ) के अध्यक्ष गंगा प्रसाद प्रसेन ने समारोह का समापन कार्यक्रम को संबोधित दिया तथा विश्वविद्यालय के कुलसचिव प्रोफेसर योगेश काकती ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों द्वारा एक सांस्कृतिक प्रस्तुति भी दी गई।
इस समारोह में विद्या भारती उच्च शिक्षा संस्थान के अखिल भारतीय संगठन मंत्री केएन रघुनंदन, अजय दत्ता, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के उत्तर असम क्षेत्र के प्रचारक वशिष्ठ बुजरबरुवा, असम कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर दीपज्योति राजखोवा, विद्या भारती पूर्वोत्तर क्षेत्र के संगठन मंत्री पवन तिवारी एवं सचिव जगदींद्र राय चौधुरी सहित अनेक विशिष्ट अतिथि, विश्वविद्यालय के शिक्षक, कर्मचारी तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

