home page

नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत प्रथम वाहिनी एसएसबी ने होजाई में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए

 | 
नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत प्रथम वाहिनी एसएसबी ने होजाई में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए


गुवाहाटी, 27 नवंबर (हि.स.)। सोनापुर स्थित सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की प्रथम वाहिनी ने शुक्रवार को होजाई में अपनी ‘जी’ कंपनी के कार्यक्षेत्र में नागरिक कल्याण कार्यक्रम के तहत विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। कार्यक्रम का आयोजन प्रथम वाहिनी एसएसबी सोनापुर के उप कमांडेंट एवं कार्यवाहक कमांडेंट वीरेंद्र सिंह मेहरा के मार्गदर्शन में किया गया।

कार्यक्रम के दौरान स्थानीय लोगों एवं विद्यार्थियों को बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ, वृद्धावस्था पेंशन योजना, भारत के वीर पोर्टल तथा समग्र निधि सहित विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं एवं पहलों की जानकारी दी गई। इसके अलावा, युवतियों को केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीएपीएफ) में भर्ती होने के अवसरों से भी अवगत कराया गया। विभिन्न सरकारी योजनाओं के तहत मिलने वाले लाभ एवं सुविधाओं के बारे में भी विस्तार से बताया गया।

इस अवसर पर साइबर सुरक्षा जागरूकता कार्यक्रम तथा नशा मुक्त भारत अभियान के तहत भी सत्र आयोजित किए गए। प्रतिभागियों को साइबर अपराध से बचाव के उपायों, नशे के दुष्प्रभावों तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में सामूहिक सहभागिता के महत्व के बारे में जागरूक किया गया।

कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य स्थानीय लोगों, विशेषकर महिलाओं एवं युवाओं को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं, महिला सशक्तीकरण, सामाजिक सुरक्षा, साइबर सुरक्षा तथा नशे की रोकथाम के प्रति जागरूक करना था।

इस तरह की जनकल्याणकारी पहल के माध्यम से प्रथम वाहिनी एसएसबी सोनापुर स्थानीय समुदाय के कल्याण तथा आम जनता के साथ अपने संबंधों को और मजबूत बनाने की दिशा में निरंतर प्रयासरत है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश