डिगारू ट्रेन हादसे की होगी उचित जांच: पूसीरे के अतिरिक्त महाप्रबंधक
गुवाहाटी, 11 नवंबर (हि.स.)। असम के डिगारू रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह कोलकाता-साइरंग एक्सप्रेस के पटरी से उतरने की घटना को पूर्वोत्तर सीमांत रेलवे (पूसीरे) के अतिरिक्त महाप्रबंधक रमेश कुमार ने दुर्भाग्यपूर्ण बताया है। उन्होंने कहा कि इस घटना की उचित जांच कराई जाएगी, ताकि हादसे के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
रमेश कुमार ने कहा कि रेलवे प्रशासन घटना को गंभीरता से ले रहा है और पूरे मामले की जांच की जाएगी। जांच के दौरान दुर्घटना से जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखा जाएगा तथा निष्कर्षों के आधार पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
उल्लेखनीय है कि बुधवार सुबह करीब 6:54 बजे ट्रेन संख्या 13125 कोलकाता-साइरंग एक्सप्रेस गुवाहाटी से लगभग 44 किलोमीटर दूर डिगारू रेलवे स्टेशन पर दूसरी ट्रेन को प्राथमिकता देने के लिए प्रवेश कर रही थी। इसी दौरान ट्रेन का इंजन और पांच डिब्बे पटरी से उतर गए थे।
रेलवे प्रशासन के अनुसार, हादसे में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है और सभी यात्री सुरक्षित हैं।
------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

