जयरामपुर ने 'स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार 2025-26' के तहत राज्य के पहले 'स्वच्छ शहर' के रूप में मान्यता प्राप्त की
इटानगर, 14 नवंबर (हि.स.)। अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग जिले के जयरामपुर ने 'स्वच्छ सर्वेक्षण पुरस्कार 2025-26' के तहत राज्य के पहले 'स्वच्छ शहर' के रूप में मान्यता प्राप्त कर पूरे अरुणाचल प्रदेश को गौरवान्वित किया है। यह उल्लेखनीय उपलब्धि स्वच्छता, साफ-सफाई, पर्यावरण संरक्षण और टिकाऊ शहरी विकास के प्रति शहर की निरंतर प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
आज जारी एक बयान के अनुसार, यह उल्लेखनीय है कि जयरामपुर को 2022-23 और 2024-25 के वर्षों में भी ऐसी ही मान्यता मिली थी। यह उपलब्धि वर्षों से चली आ रही निरंतर लगन, लगातार अच्छे प्रदर्शन और सामूहिक प्रयासों का परिणाम है।
यह शानदार सफलता विधायक लाईसम सिमाई के बहुमूल्य मार्गदर्शन और नेतृत्व में संभव हुई है। इसमें जिला उपायुक्त आर. डी. थुंगोन, सम्धित विभागों के अधिकारियों की देखरेख भी शामिल रही।
शहरी विकास एवं आवास विभाग (जयरामपुर डिवीजन) के कार्यकारी अभियंता जॉर्ज जोसेफ और उनकी समर्पित टीम ने विभिन्न स्वच्छता अभियानों की निगरानी, समन्वय और क्रियान्वयन को बहुत प्रभावी ढंग से अंजाम दिया। उनके निरंतर प्रयासों, प्रतिबद्धता और विभिन्न पहलों के प्रभावी कार्यान्वयन ने इस मुकाम को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
इस शानदार उपलब्धि में जयरामपुर के निवासियों, स्वच्छता कर्मियों, स्थानीय हितधारकों और आम जनता का सक्रिय सहयोग और पूर्ण भागीदारी भी उतनी ही महत्वपूर्ण रही है।
पुरस्कार समारोह बीते 11 नवंबर को नई दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित किया गया था, जहां भारत की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देश भर में स्वच्छता की दिशा में किए गए उत्कृष्ट कार्यों के लिए पुरस्कार प्रदान किए।
यह मान्यता केवल एक पुरस्कार नहीं है, बल्कि यह टीम वर्क, जिम्मेदार नागरिकता, प्रभावी प्रशासन और जनभागीदारी का प्रतीक है। जयरामपुर की यह उपलब्धि अरुणाचल प्रदेश के अन्य शहरों के लिए एक प्रेरणा है, ताकि वे भी अधिक स्वच्छ, हरित और टिकाऊ शहरी तौर-तरीकों को अपना सकें।
राज्य सरकार ने पूरे जयरामपुर परिवार को बधाई देते हुए! कहा है कि यह उपलब्धि उन सभी लोगों की है जिन्होंने जयरामपुर को एक स्वच्छ, स्वस्थ और अधिक सुंदर शहर बनाने में अपना योगदान दिया है।
हिन्दुस्थान समाचार / तागू निन्गी

