home page

चौथे प्रागज्योतिषपुर साहित्य उत्सव का सफल समापन

 | 
चौथे प्रागज्योतिषपुर साहित्य उत्सव का सफल समापन


चौथे प्रागज्योतिषपुर साहित्य उत्सव का सफल समापन


गुवाहाटी, 15 नवंबर (हि.स.)। चौथे प्राग्ज्योतिषपुर सहित्य उत्सव का सफल समापन रविवार को हुआ। गौहाटी विश्वविद्यालय के प्रांगण स्थित फणीधर दत्त सभागार में शंकरदेव शिक्षा और अनुसंधान न्यास (शंकरदेव एजुकेशन एंड रिसर्च फाउंडेशन) के तत्वावधान में चौथे प्रागज्योतिषपुर साहित्य उत्सव का आज सफल समापन हुआ।

डॉ. नवमिता देव के संचालन में आयोजित समापन समारोह में भाग लेते हुए नगालैंड के उच्च शिक्षा मंत्री तेमजेन इमना अलोंग ने उपस्थित सभी लोगों से अपनी-अपनी स्थानीय मातृभाषा का दैनिक जीवन में उपयोग करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि मातृभाषा का उपयोग ही एक जाति को समृद्ध कर सकता है। इंडिया टुडे पत्रिका के मैनेजिंग एडिटर तथा इंडिया टुडे एनई के संपादक कौशिक डेका ने भारतीय विरासत को साहित्य के माध्यम से नई पीढ़ी के सामने प्रस्तुत करने की आवश्यकता विषय पर सारगर्भित वक्तव्य दिया। उन्होंने कहा कि असमिया की पुरानी लोककथाओं सहित अन्य साहित्य को डिजिटल माध्यम से नए रूप में नई पीढ़ी के बीच प्रस्तुत करने के लिए हम सभी को एकजुट होकर प्रयास करना होगा।

समारोह में प्रख्यात नाटककार प्रोफेसर पोना महंत, गौहाटी विश्वविद्यालय के कुलसचिव (रजिस्ट्रार) प्रोफेसर उत्पल शर्मा और उत्सव के कार्यकारी अध्यक्ष सौम्यदीप दत्ता भी उपस्थित रहे। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष प्रख्यात साहित्यकार सारतंग हान्से को साल का प्रागज्योतिषपुर साहित्य पुरस्कार और युवा साहित्यकार अंकुर रंजन फुकन को प्रागज्योतिषपुर साहित्य युवा पुरस्कार प्रदान किया गया।

कार्यक्रम में चित्रकला प्रतियोगिता और कविता कार्यशाला में भाग लेने वाले छात्र-छात्राओं को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। इस तीन दिवसीय साहित्य उत्सव में उद्घाटन और समापन सत्र के अलावा छह अलग-अलग विषयों पर परिचर्चा सत्र आयोजित किए गए ।

उल्लेखनीय है कि बीते शुक्रवार, को गौहाटी विश्वविद्यालय परिसर स्थित फणीधर दत्त सभागार में शंकरदेव शिक्षा और अनुसंधान न्यास के तत्वावधान में चौथे प्राग्ज्योतिषपुर साहित्य उत्सव का शुभारंभ हुआ था।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर