home page

चुनाव 26: रंगानदी विधानसभा क्षेत्र में विशाल जनसभा को उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री जोशी ने किया संबोधित

 | 
चुनाव 26: रंगानदी विधानसभा क्षेत्र में विशाल जनसभा को उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री जोशी ने किया संबोधित


-असम चुनाव में भाजपा एक नया रिकॉर्ड करेगी कायम - गणेश जोशी

लखीमपुर (असम) 04 अप्रैल (हि.स.)। उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने असम विधानसभा चुनाव प्रचार के दौरान शनिवार को असम के रंगानदी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी ऋषिराज हजारिका के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने उपस्थित जनसमूह से भाजपा प्रत्याशी ऋषिराज हजारिका के पक्ष में मतदान करने की अपील की।

विशाल जनसभा में अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू भी उपस्थित रहे। उन्होंने भी भाजपा प्रत्याशी ऋषिराज हजारिका के समर्थन में जनसभा को संबोधित करते हुए क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए भाजपा को मजबूत करने का आह्वान किया।

जोशी ने अपने संबोधन में कहा कि भाजपा सरकार ने विकास, सुशासन और जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए पूर्वोत्तर राज्यों में अभूतपूर्व कार्य किए हैं। उन्होंने कहा कि डबल इंजन सरकार के सहयोग से क्षेत्र में बुनियादी ढांचे, कनेक्टिविटी और रोजगार के नए अवसरों का तेजी से विस्तार हुआ है। जोशी ने कहा कि रंगानदी विधानसभा क्षेत्र के लोगों ने भाजपा के पक्ष में मतदान करने का मन बना लिया है। उन्होंने कहा कि असम चुनाव में भाजपा एक नया रिकॉर्ड कायम करेगी।

उन्होंने कहा कि लंबे समय से लंबित असम,अरुणाचल सीमा विवादों का समाधान कर क्षेत्र में शांति और समृद्धि का मार्ग प्रशस्त किया गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का उद्देश्य अंतिम व्यक्ति तक विकास की किरण पहुंचाना है और इसके लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।

इस अवसर पर भाजपा प्रत्याशी ऋषिराज हजारिका सहित पार्टी पदाधिकारीगण एवं भारी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय