home page

गौहाटी विश्वविद्यालय में पूर्वोत्तर की सुरक्षा विषय पर परिचर्चा आयोजित

 | 
गौहाटी विश्वविद्यालय में पूर्वोत्तर की सुरक्षा विषय पर परिचर्चा आयोजित


गौहाटी विश्वविद्यालय में पूर्वोत्तर की सुरक्षा विषय पर परिचर्चा आयोजित


गौहाटी विश्वविद्यालय में पूर्वोत्तर की सुरक्षा विषय पर परिचर्चा आयोजित


राष्ट्रीय सुरक्षा केवल सशस्त्र बलों की जिम्मेदारी नहीं है, यह प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है: लेफ्टिनेंट जनरल नीरज शुक्ला

गुवाहाटी, 13 नवंबर (हि.स.)। उत्तर-पूर्व के विशेष परिप्रेक्ष्य में राष्ट्रीय सुरक्षा के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा करने के उद्देश्य से आज गौहाटी विश्वविद्यालय में 'उत्तर-पूर्व भारत के विशेष संदर्भ में राष्ट्रीय सुरक्षा को समझना' शीर्षक के तहत एक आकर्षक और विचार-विमर्श सत्र का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में गजराज कर्पस के जीओसी, लेफ्टिनेंट जनरल नीरज शुक्ला मुख्य वक्ता के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गौहाटी विश्वविद्यालय के कुलपति प्रोफेसर ननी गोपाल महंत ने उत्तर-पूर्व की समृद्ध सांस्कृतिक और भाषाई विविधता का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि भारत रत्न डॉ. भूपेन हजारिका द्वारा रचित गौहाटी विश्वविद्यालय के कुलगीत में इस विविधता का सुंदर प्रतिबिंब झलकता है।

उन्होंने कहा, यद्यपि उत्तर-पूर्व के विभिन्न समुदायों, भाषाओं, संस्कृतियों और पहचानों के बीच काफी भिन्नता है, फिर भी भारत के प्रति एकजुटता और आत्मीयता की भावना सभी को एक सूत्र में बांधती है। इस संबंध को और अधिक मजबूत बनाने के लिए एक-दूसरे की संस्कृति का सम्मान, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रीय एकता की भावना विकसित करना अत्यंत आवश्यक है। हमारी विविधता ही हमारी शक्ति है, हमारी एकता ही हमारी पहचान है और भारत माता के प्रति हमारी आत्मीयता ही हमारा गौरव है।

दूसरी ओर, मुख्य वक्ता लेफ्टिनेंट जनरल नीरज शुक्ला ने राष्ट्रीय सुरक्षा के महत्व को रेखांकित करते हुए इसके विभिन्न महत्वपूर्ण पहलुओं पर प्रकाश डाला।

उन्होंने उल्लेख किया कि, वर्ष 2047 तक एक विकसित भारत के निर्माण के लक्ष्य को साकार करने के लिए देश के प्रत्येक नागरिक को राष्ट्रीय हितों की रक्षा करने, देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने तथा राष्ट्र की प्रगति में अपनी जिम्मेदारी को समझना होगा। सच्ची देशभक्ति केवल सीमा की रक्षा करने तक सीमित नहीं है। शांति, स्थिरता, समृद्धि और राष्ट्रीय गौरव से परिपूर्ण एक शक्तिशाली देश के निर्माण में भी सच्ची देशभक्ति निहित है। राष्ट्रीय सुरक्षा देश के प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। एक शांतिपूर्ण, सुरक्षित और समृद्ध राष्ट्र के निर्माण का मूल आधार ही राष्ट्रीय सुरक्षा है।

इसके अलावा उन्होंने कहा कि दूसरे देशों से अपनी तुलना करने के बजाय हमें अपनी राष्ट्रीय पहचान, विरासत और सफलताओं पर गर्व होना चाहिए। देश का प्रत्येक नागरिक यदि अपने-अपने क्षेत्र में निष्ठा और प्रतिबद्धता के साथ काम करे, तभी एक सशक्त और आत्मनिर्भर भारत का निर्माण संभव है।

इस कार्यक्रम में कुलसचिव प्रोफेसर उत्पल शर्मा, गजराज कोर के शीर्ष अधिकारी, प्रोफेसर, शोधार्थी और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / देबजानी पतिकर