कोकराझार में कार्बन न्यूट्रल दुर्गा पूजा पर जोर
कोकराझार (असम), 19 सितम्बर (हि.स.)। आगामी दुर्गा पूजा के आयोजन की तैयारियों की समीक्षा को लेकर आज कोकराझार के निर्वाचन कार्यालय सम्मेलन कक्ष में जिला आयुक्त पंकज चक्रवर्ती की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में एसएसपी अक्षत गर्ग, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, अतिरिक्त जिला आयुक्तों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों तथा पूजा समितियों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक में जिला प्रशासन ने इस वर्ष दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं पर्यावरण-अनुकूल तरीके से मनाने का आह्वान करते हुए “कोकराझार में कार्बन न्यूट्रल दुर्गा पूजा” की पहल पर विशेष जोर दिया। प्रशासन ने कहा कि कोकराझार में दुर्गा पूजा का आयोजन ऐसा हो, जिससे समाज, लोगों और प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी का संदेश जाए तथा जिला पर्यावरण-अनुकूल उत्सव का उदाहरण प्रस्तुत कर सके।
जिला प्रशासन ने सभी पूजा समितियों को सजावट एवं अन्य आवश्यक कार्यों में जैव-अवक्रमणीय सामग्री के अधिक से अधिक उपयोग, प्रदूषण को न्यूनतम करने तथा विशेष रूप से प्रतिमा विसर्जन के दौरान पर्यावरण संरक्षण के उपाय अपनाने की अपील की। जिला आयुक्त पंकज चक्रवर्ती ने बताया कि पर्यावरण-अनुकूल दुर्गा पूजा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रयास करने वाली पांच पूजा समितियों को पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
बैठक में ऊर्जा की बचत के लिए एलईडी लाइटिंग तथा जहां संभव हो, सौर ऊर्जा आधारित प्रणालियों के उपयोग पर भी जोर दिया गया। साथ ही पूजा स्थलों पर उचित कचरा प्रबंधन सुनिश्चित करने और पर्यावरण को नुकसान पहुंचाने वाली सामग्रियों के इस्तेमाल को कम करने के निर्देश दिए गए।
एसएसपी अक्षत गर्ग ने पूजा समितियों से पर्याप्त संख्या में स्वयंसेवकों की तैनाती तथा भीड़ नियंत्रण के लिए प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया। उन्होंने संभावित वीआईपी यात्राओं को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा एवं यातायात प्रबंधन को लेकर भी सतर्क रहने की सलाह दी। पूजा पंडालों में नशीले पदार्थों तथा शराब के सेवन से होने वाले सार्वजनिक उपद्रव को रोकने पर जोर देते हुए उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार का अनुशासनहीन व्यवहार उत्सव की शांतिपूर्ण भावना को प्रभावित नहीं करना चाहिए।
एसएसपी गर्ग ने कहा कि पिछले कुछ वर्षों में कोकराझार में दुर्गा पूजा शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुई है और उम्मीद जताई कि इस वर्ष भी यही वातावरण कायम रहेगा। उन्होंने कार्बन न्यूट्रल एवं पर्यावरण-अनुकूल पूजा की पहल की सराहना करते हुए कहा कि किसी भी असामाजिक तत्व को उत्सव की शांति एवं व्यवस्था में बाधा उत्पन्न करने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।
बैठक में सभी पूजा स्थलों पर सीसीटीवी कैमरों की अनिवार्य स्थापना और उनके प्रभावी संचालन पर भी विशेष जोर दिया गया। पूजा समितियों को जिला प्रशासन एवं पुलिस के साथ समन्वय बनाए रखने तथा सुरक्षा, कानून-व्यवस्था और अन्य निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन सुनिश्चित करने की सलाह दी गई, ताकि दुर्गा पूजा का आयोजन सुरक्षित, शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सके।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा

