कामरूप में वनाधिकार एवं आधारभूत संरचना से जुड़े मुद्दों की समीक्षा
गुवाहाटी, 05 जुलाई, (हि.स.)। कामरूप जिला आयुक्त देब कुमार मिश्र की अध्यक्षता में जिला आयुक्त कार्यालय के सम्मेलन कक्ष में वन संबंधी मामलों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
आज दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, बैठक में वनाधिकार अधिनियम, 2006 के तहत पात्र वनवासियों को लंबित अधिकार पत्र (टाइटल सर्टिफिकेट) प्रदान करने, वन गांवों में गांव प्रधानों की नियुक्ति, वन क्षेत्रों में एपीडीसीएल द्वारा विद्युत पोल एवं टावर लगाने तथा जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी (पीएचई) विभाग द्वारा जलाशयों के निर्माण जैसे विषयों पर चर्चा की गई।
जिला आयुक्त ने संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि वन विभाग के अधिकारियों के साथ संयुक्त निरीक्षण कर समन्वित कार्रवाई के माध्यम से वन संबंधी समस्याओं का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में अतिरिक्त जिला आयुक्त प्रांजीत देब, विभिन्न वन प्रभागों के प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ), पीएचई, एपीडीसीएल तथा कामरूप जिला वनाधिकार समिति के पदाधिकारियों सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
----------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

