काजीरंगा हादसा: गोलाघाट प्रशासन ने सड़क सुरक्षा के कड़े उपाय लागू करने का दिया आदेश, छह प्रवर्तन अधिकारी निलंबित
गोलाघाट (असम), 16 नवंबर (हि.स.)। बीते 13 नवंबर को काजीरंगा के रंगाजान में हुई भीषण सड़क हादसे, जिसमें 26 लोगों की जान चली गई थी, उसके बाद गोलाघाट जिला प्रशासन ने सड़क हादसों को रोकने के लिए कड़े कदम उठाने का फैसला किया है।
मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के निर्देश पर काजीरंगा में एक उच्च-स्तरीय प्रशासनिक बैठक आयोजित की गई।
आज हुई बैठक में गोलाघाट के जिला आयुक्त बिस्वजीत फुकन, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) स्वप्ननील डेका, काजीरंगा के प्रभागीय वन अधिकारी (डीएफओ) अरुण विग्नेश, और पुलिस, परिवहन विभाग तथा भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
जिला आयुक्त बिस्वजीत फुकन ने बताया कि बैठक में ऐसे उपायों की समीक्षा की गई ताकि राष्ट्रीय राजमार्ग पर रंगाजन जैसी दुर्घटना दोबारा न हो। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप अब और भी सख्ती बरतेगा।
एसएसपी स्वप्ननील डेका ने बताया कि एनएचएआई को अगले तीन दिनों के भीतर सड़क के बुनियादी ढांचे में सुधार करने का निर्देश दिया गया है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि तय समय सीमा के भीतर जरूरी सुधार नहीं किए गए, तो एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
इस बीच, दुर्घटना का शिकार हुए 'ट्रैवलर' वाहन के मालिक अंजीर अली के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 और अन्य धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह धारा 'गैर-इरादतन हत्या' से संबंधित है। उन पर आरोप है कि उनकी जिम्मेदारी वाली घटना के कारण कई लोगों की जान गई।
पुलिस ने नियमों के उल्लंघन को रोकने और सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए ई-रिक्शा और सभी कमर्शियल यात्री वाहनों के खिलाफ प्रवर्तन कार्रवाई को और सख्त करने का फैसला किया है।
इसी मामले में, चार प्रवर्तन निरीक्षकों (इंफोर्समेंट चेकर्स) की पहचान की गई है, जिनके नाम हैं- टुटू दत्ता, सुदीप्त अनुराग बोरा, दुष्यंत माधव बरुवा और बिस्वज्योति हैंडिक, इसके अलावा, दो सहायक प्रवर्तन निरीक्षकों, रॉबिन गोगोई और खिरोद नियोग को निलंबित कर दिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय

