कछार के बरखला में डंपर की टक्कर से दो की मौके पर मौत, घटना के बाद तनाव
कछार (असम), 25 नवंबर (हि.स.)। असम के कछार जिले के बरखला में तेज रफ्तार डंपर की टक्कर से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में तनाव व्याप्त हो गया।
आज प्राप्त प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, तेज रफ्तार डंपर ने बीती रात लगभग 10 बजे के आसपास सिलचर-हाफलोंग नेशनल हाईवे (एनएच-27) दो लोगों को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे दोनों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया और इलाके में तनावपूर्ण स्थिति उत्पन्न हो गई।
दोनों मृतकों की पहचान बरखला के खासी पुंजी निवासी महा मुकीम और धीरेन सुचियांग के रूप में की गयी है।
बताया गया है कि पत्थर से लदा डंपर सिलचर से हाफलोंग की ओर जा रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, डंपर बंदरखाल में एक टायर मरम्मत की दुकान पर रुका था और टायर ठीक करवाकर जैसे ही आगे बढ़ा, उसने दोनों राहगीरों को कुचल दिया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
हादसे के तुरंत बाद गुस्साए स्थानीय निवासियों ने शवों को हाईवे पर रखकर यातायात जाम कर दिया और फरार चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर काफी मशक्कत के बाद रात करीब एक बजे जाम खुलवाया और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस फरार डंपर और उसके चालक की तलाश में जुटी है।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश

