home page

असम राज्य परिवहन निगम के नव-निर्मित मुख्यालय का उद्घाटन

 | 
असम राज्य परिवहन निगम के नव-निर्मित मुख्यालय का उद्घाटन


गुवाहाटी, 15 दिसंबर (हि.स.)। असम राज्य परिवहन निगम (एएसटीसी) के गुवाहाटी के रूपनगर स्थित नव-निर्मित मुख्यालय का सोमवार को औपचारिक उद्घाटन असम सरकार के परिवहन मंत्री चरण बोडो ने किया। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि चार दशक से अधिक समय के बाद आज असम राज्य परिवहन निगम को एक नया स्थायी पता मिला है, जो निगम के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

परिवहन मंत्री ने कहा कि वर्तमान में असम राज्य परिवहन निगम की स्थिति स्थिर और सुदृढ़ हुई है। मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा के नेतृत्व में राज्य के परिवहन क्षेत्र में हुए विकास कार्यों में एएसटीसी की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने कहा कि पल्टन बाजार से स्थानांतरित होकर रूपनगर में स्थायी मुख्यालय स्थापित होने से निगम को पुनर्जीवित करने में मदद मिलेगी। इसके साथ ही, जालुकबाड़ी में निगम को प्राप्त 20 बीघा भूमि पर अत्याधुनिक इंटर स्टेट बस टर्मिनल (आईएसबीटी) का निर्माण कर परिवहन व्यवस्था को और अधिक सुगम बनाने का प्रयास किया जाएगा।

कार्यक्रम में असम राज्य परिवहन निगम के अध्यक्ष पल्लव लोचन दास ने इसे परिवर्तन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने कहा कि पूर्वोत्तर रेलवे के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर के बाद पल्टन बाजार स्थित पुराने कार्यालय के स्थान पर रूपनगर में नया मुख्यालय स्थापित किया गया है तथा जालुकबाड़ी में 20 बीघा भूमि भी निगम को प्राप्त हुई है।

इस अवसर पर असम राज्य परिवहन निगम के प्रबंध निदेशक चिन्मय प्रकाश फूकन ने स्वागत भाषण दिया। कार्यक्रम में निगम के उपाध्यक्ष प्रणवज्योति लहकर, आयुक्त-सचिव आकाशदीप, परिवहन विभाग के आयुक्त-सचिव मानवेन्द्र प्रताप सिंह, संयुक्त पुलिस आयुक्त अंकुर जैन सहित कई अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश