home page

अंबुबासी मेले के दौरान व्यापक यातायात प्रतिबंध लागू, श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था

 | 
अंबुबासी मेले के दौरान व्यापक यातायात प्रतिबंध लागू, श्रद्धालुओं के लिए विशेष व्यवस्था


गुवाहाटी, 18 जून (हि.स.)। अंबुबासी मेला के दौरान श्रद्धालुओं, आम नागरिकों तथा आपातकालीन सेवाओं की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए गुवाहाटी पुलिस आयुक्तालय के यातायात विभाग ने 22 जून से 26 जून तक व्यापक यातायात प्रतिबंध और विशेष यातायात प्रबंधन व्यवस्था लागू करने की घोषणा की है।

यातायात पुलिस द्वारा आज जारी बयान के अनुसार, नीलाचल (कामाख्या पहाड़) के तल से मां कामाख्या मंदिर की ओर किसी भी निजी वाहन को प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। हालांकि, एंबुलेंस, अग्निशमन वाहन, जीवनरक्षक दवाइयां, ऑक्सीजन सिलेंडर तथा गुवाहाटी नगर निगम के कचरा वाहनों जैसी आपातकालीन सेवाओं को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है। आवश्यक वस्तुओं और पेयजल ले जाने वाले वाहनों को रात 11 बजे से सुबह 5 बजे तक मंदिर क्षेत्र में जाने की अनुमति रहेगी।

जिला प्रशासन द्वारा जारी विशेष पास वाले वाहनों तथा फेरी वाहनों को ही पांडु मंदिर घाट की ओर से बंशीबागान मार्ग होते हुए मंदिर तक जाने की अनुमति होगी। मंदिर परिसर और आसपास ड्यूटी पर तैनात अधिकारी एवं कर्मचारी सोनाराम उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के मैदान में एकत्र होंगे, जहां से उन्हें प्रशासन द्वारा उपलब्ध कराए गए फेरी वाहनों से उनके कार्यस्थलों तक पहुंचाया जाएगा।

जालुकबाड़ी और भरलुमुख की ओर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग ड्रॉपिंग प्वाइंट निर्धारित किए गए हैं। श्रद्धालुओं को नीलाचल फ्लाईओवर के निकट उतारने के बाद वाहनों को आदाबाड़ी बस स्टैंड और बोरिपारा मैदान स्थित निर्धारित पार्किंग स्थलों की ओर भेजा जाएगा। सभी सिटी बसों और सार्वजनिक परिवहन वाहनों को नीलाचल फ्लाईओवर का उपयोग करना होगा तथा सेवा लेन से बचना होगा।

श्रद्धालुओं के दोपहिया, हल्के और भारी वाहनों की पार्किंग के लिए आदाबाड़ी बस स्टैंड, बोरिपारा मैदान, आईटीए माछखोवा, एएसटीसी पार्किंग माछखोवा तथा ईदगाह मैदान माछखोवा को अधिकृत पार्किंग स्थल बनाया गया है।

मेला अवधि के दौरान सुबह 5 बजे से रात 11 बजे तक डीजी रोड, एमजी रोड, एटी रोड, पांडु पोर्ट रोड तथा बोरबाजार रोड पर तीन पहिया और उससे बड़े मालवाहक वाहनों तथा धीमी गति वाले वाणिज्यिक वाहनों के परिचालन पर प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा एएसटीसी सहित अंतर-जिला और लंबी दूरी की बसों को डीजी रोड, एमजी रोड और एटी रोड पर चलने की अनुमति नहीं होगी।

यातायात विभाग ने एनएच-27 से तेतेलिया मार्ग होते हुए गौशाला की ओर भारी वाहनों के प्रवेश पर भी रोक लगा दी है। साथ ही, लोकप्रिय गोपीनाथ बरदलै अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा जाने वाले यात्रियों को यात्रा की पूर्व योजना बनाने और यथासंभव एनएच-27 मार्ग का उपयोग करने की सलाह दी गई है।

नीलाचल फ्लाईओवर के नीचे पूरे क्षेत्र को आरक्षित पार्किंग जोन घोषित किया गया है। इसके अतिरिक्त पांडु पोर्ट रोड, बोरबाजार रोड, भरलुमुख एलिवेटेड कॉरिडोर, डीजी रोड तथा नीलाचल फ्लाईओवर सहित कई महत्वपूर्ण मार्गों पर सड़क किनारे पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी, ताकि अंबुबासी मेले के दौरान यातायात सुचारु बना रहे और आपातकालीन सेवाओं को निर्बाध आवागमन मिल सके।

----------

हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश