कांग्रेस के घटते चंदे ने उड़ाई पार्टी नेताओं की नींद
सुदेश गौड़
बयानों की राजनीति, हिंदुत्व के सवाल पर असहजता और राष्ट्रवाद को लेकर बार-बार उठते विवादों के बीच कांग्रेस की आर्थिक स्थिति का नया आंकड़ा कई सवाल खड़े करता है। किसी राजनीतिक दल की ताकत उसके सांसदों, विधायकों या चुनावी प्रदर्शन के साथ ही उससे भी मापी जाती कि उसके साथ एक बड़ा वर्ग कितना खड़ा है, कितने लोग अपनी कमाई से उसे आर्थिक सहयोग देना चाहते हैं और उद्योग जगत का कितना भरोसा उसके साथ है या नहीं। यह तथ्य उसकी राजनीतिक स्वीकार्यता का महत्वपूर्ण संकेत होता है। कांग्रेस के चंदे से जुड़ा वित्तीय वर्ष 2025-26 का ताजा आंकड़ा इस दृष्टि से महत्वपूर्ण है। 1885 में एक विदेशी नागरिक एलन ओक्टेवियन ह्यूम द्वारा ब्रितानी हितों को साधने के लिए तैयार की गई देश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी कांग्रेस के लिए यह महज आर्थिक गिरावट का आंकड़ा नहीं, बल्कि उसके राजनीतिक विमर्श की दिशा पर विचार करने का अवसर भी है।
चुनाव आयोग को सौंपी गई कांग्रेस की योगदान रिपोर्ट के अनुसार, 20 हजार रुपये से अधिक के घोषित चंदे में पिछले एक वर्ष के दौरान भारी गिरावट आई है। वित्तीय 2023-24 में कांग्रेस को घोषित चंदा 241.48 करोड़ रु था जो 2024-25 में बढ़कर 517.39 करोड़ रु हो गया था पर 2025-26 के आंकड़े चौंकाने वाले रहे क्योंकि यह राशि घटकर 130.70 करोड़ रु ही रह गई है। 2025-26 में कांग्रेस को पिछले तीन वर्षों में सबसे कम घोषित चंदा मिला। ये आंकड़े 20 हजार रुपये से अधिक के घोषित योगदान के हैं, न कि पार्टी की कुल आय के।
सदस्यता शुल्क, छोटे चंदे, कूपन बिक्री और अन्य आय इसमें शामिल नहीं हैं। कांग्रेसी पैरोकारों का माना है कि कांग्रेस के चंदे में गिरावट का एक बड़ा कारण चुनावी वर्ष और गैर-चुनावी वर्ष के बीच का अंतर हो सकता है। यह सही है कि 2024-25 लोकसभा चुनाव का वर्ष था, इसलिए उस दौरान चंदे में वृद्धि स्वाभाविक थी। लेकिन 2025-26 में भी बिहार विधानसभा चुनाव हुआ और अप्रैल 2026 में होने वाले पांच राज्यों के विधानसभा चुनावों की तैयारी चल रही थी। इसके बावजूद घोषित चंदे में इतनी बड़ी गिरावट का होना राजनीतिक रूप से विचारणीय है। इस गिरावट का एक ठोस आर्थिक पहलू भी सामने आया है। प्रूडेंट इलेक्टोरल ट्रस्ट ने 2024-25 में कांग्रेस को लगभग 216.34 करोड़ रु दिए थे। 2025-26 में यही राशि घटकर 25 करोड़ रु रह गई। यानी इस ट्रस्ट से मिलने वाले योगदान में लगभग 88.5 प्रतिशत की कमी आई। 2025-26 में प्रूडेंट कांग्रेस के घोषित चंदे का लगभग 19 प्रतिशत ही दे पाया, जबकि पिछले साल उसका हिस्सा 41.8 प्रतिशत था। इस कमी का कारण पार्टी की घटती लोकप्रियता माना जा रहा है।
हिंदुत्व और सनातन को लेकर कांग्रेस की असहजता
अब सवाल है कि क्या कांग्रेस की राजनीतिक भाषा और उसके नेताओं के बयान भी इस स्थिति के लिए जिम्मेदार हैं। कांग्रेस के पिछले कुछ वर्षों के राजनीतिक व्यवहार और सार्वजनिक बयानों को देखें तो एक ऐसी छवि जरूर सामने आती है, जिसने उसके एक बड़े संभावित समर्थक वर्ग के बीच असहजता पैदा की है।हाल ही में कांग्रेस अध्यक्ष मलिकार्जुन खड़गे ने कहा- दीवाली खुशियों की ईद है, कई दिलों तक चलने वाली ईद है। सनातन से संबद्ध पर्वों और परंपराओं का मखौल उड़ाना कांग्रेस नेताओं की आदत सी बन गई है।क्या वे इस तरह के जुमले किसी अन्य धर्म को लेकर बोल सकते हैं?
राहुल के हिन्दू विरोधी बयान
इसी तरह, 1 जुलाई 2024 को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने कहा था: जो लोग अपने आपको हिंदू कहते हैं, वे 24 घंटे हिंसा, हिंसा, हिंसा... नफरत, नफरत, नफरत... असत्य, असत्य, असत्य की बात करते हैं। इस बयान पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह सहित सत्ता पक्ष के नेताओं ने आपत्ति जताई। कांग्रेस की ओर से प्रियंका गांधी और अन्य नेताओं ने सफाई दी कि राहुल गांधी पूरे हिंदू समाज की नहीं बल्कि भाजपा नेताओं की बात कर रहे थे। संसद में राहुल गांधी द्वारा प्रयुक्त शब्दों ने हिंदू समाज के एक बड़े वर्ग में नाराजगी पैदा की और कांग्रेस को अपने आशय का बचाव करना पड़ा।
राममंदिर प्राण प्रतिष्ठा से दूरी
22 जनवरी 2024 को अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के आयोजन में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व ने शामिल होने से इनकार किया था। कांग्रेस ने अपने आधिकारिक रुख में इसे भाजपा और आरएसएस का राजनीतिक आयोजन बताते हुए कहा था कि धर्म व्यक्तिगत आस्था का विषय है। कांग्रेस का अपना तर्क था लेकिन देश के करोड़ों श्रद्धालुओं के लिए यह केवल एक राजनीतिक कार्यक्रम नहीं बल्कि सदियों की प्रतीक्षा और धार्मिक आस्था से जुड़ा ऐतिहासिक अवसर था। इसलिए कांग्रेस के इस निर्णय को लेकर राजनीतिक और सामाजिक बहस हुई। प्रियंका गांधी को बाद में पार्टी के कथित हिंदू विरोधी होने के आरोपों का जवाब देना पड़ा।
'हिंदू आतंकवाद' जैसे शब्दों पर विवाद
कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के कुछ बयानों ने भी पार्टी को इस मुद्दे पर कठघरे में खड़ा किया है। अगस्त 2025 में महाराष्ट्र के वरिष्ठ कांग्रेस नेता पृथ्वीराज चव्हाण की 'हिंदू आतंकवादी' अथवा 'सनातनी आतंकवादी' शब्दावली को लेकर टिप्पणी पर विवाद हुआ। भाजपा ने इसका विरोध किया। इससे पहले 'भगवा आतंकवाद' और 'हिंदू आतंकवाद' जैसे शब्द भी भारतीय राजनीति में लंबे समय तक विवाद का विषय रहे हैं। कांग्रेस के नेताओं को यह समझना होगा कि धार्मिक पहचान से जुड़े शब्दों का इस्तेमाल संवेदनशीलता के साथ किया जाना चाहिए, लापरवाही से नहीं।
कांग्रेस के सामने असली चुनौती
राजनीतिक दलों को मिलने वाला चंदा केवल आर्थिक लेनदेन नहीं होता। यह उनके प्रति समर्थकों, कार्यकर्ताओं, उद्योग जगत और आम नागरिकों के विश्वास का एक संकेतक भी होता है। कांग्रेस को यह समझना होगा कि भारत की सामाजिक और सांस्कृतिक चेतना को नजरअंदाज करके वह व्यापक जनसमर्थन की अपेक्षा नहीं कर सकती। राम मंदिर, सनातन परंपरा, हिंदू धार्मिक प्रतीकों और राष्ट्रीय सुरक्षा जैसे विषयों पर उसकी राजनीतिक भाषा का मूल्यांकन जनता अपने अनुभव और विश्वास के आधार पर करती है। 517 करोड़ रु से 130 करोड़ रु तक पहुंचा चंदा कांग्रेस के लिए एक गंभीर आर्थिक संकेत जरूर है। लेकिन इससे भी बड़ा सवाल यह है कि क्या पार्टी अपने राजनीतिक विमर्श और आम भारतीय की सांस्कृतिक भावनाओं के बीच बढ़ती दूरी को समझ पा रही है?
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. मयंक चतुर्वेदी

