बड़ा फैसला-बड़ा मायने
अभिषेक शुक्ल
वर्ष 1965 में वेल्डर के रूप में सरकारी सेवा शुरू करने वाले प्रेम सिंह को नियमित होने के लिए 37 साल इंतज़ार करना पड़ा, लेकिन 2007 में सेवानिवृत्ति के बाद यह कहकर उनकी पेंशन रोक दी गई कि कार्य-प्रभारित (वर्क-चार्ज्ड) सेवा की गिनती नहीं होगी। 2019 में देश के उच्चतम न्यायालय (सुप्रीम कोर्ट) ने इस अन्याय को खत्म किया, मगर उत्तर प्रदेश सरकार ने फैसले को बेअसर करने के लिए 2021 और 2025 में पूर्वव्यापी कानून बना डाले। आखिरकार, 18 नवंबर, 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने इन दोनों कानूनों को असंवैधानिक करार देते हुए स्पष्ट कर दिया कि नियमितीकरण के बाद कर्मचारी की शुरुआती अस्थायी नियुक्ति का ‘जन्मचिह्न’ हमेशा के लिए मिट जाता है।
उत्तर प्रदेश के उपर्युक्त दो वैधीकरण कानूनों को असंवैधानिक करार देते हुए सुप्रीम कोर्ट ने न केवल लाखों कर्मचारियों के पेंशन अधिकारों को नया जीवन दिया है, बल्कि विधायिका की सीमाओं और कल्याणकारी राज्य की प्राथमिकताओं को भी नए सिरे से परिभाषित किया है। दशकों तक सरकारी विभागों में कार्य-प्रभारित (वर्क-चार्ज्ड), दैनिक वेतनभोगी, मस्टर-रोल या अस्थायी कर्मचारी के रूप में पसीना बहाने वाले कर्मियों को सेवानिवृत्ति के बाद अक्सर तकनीकी नियमों की आड़ में खाली हाथ लौटा दिया जाता था। लेकिन 18 नवंबर, 2026 के सुप्रीम कोर्ट के ऐतिहासिक फैसले ने इस प्रशासनिक प्रवृत्ति पर निर्णायक प्रहार किया है।
उत्तर प्रदेश ग्राउंड वाटर डिपार्टमेंट नॉन-गजेटेड एम्प्लॉई एसोसिएशन बनाम मुख्य सचिव एवं अन्य (2026 INSC 1252) मामले में न्यायमूर्ति दीपांकर दत्ता और न्यायमूर्ति सतीश चंद्र शर्मा की पीठ ने उत्तर प्रदेश सरकार के 2021 और 2025 के दोनों पेंशन वैधीकरण अधिनियमों को असंवैधानिक घोषित करते हुए रद्द कर दिया। इस फैसले को हाल के वर्षों के अन्य प्रमुख निर्णयों के साथ जोड़कर देखें, तो देश के सेवा और पेंशन कानून में चार बड़े संवैधानिक बदलाव साफ तौर पर उभरते हैं।
इस पूरे विवाद की जड़ 2019 के प्रेम सिंह बनाम उत्तर प्रदेश राज्य फैसले में है। तब तीन जजों की पीठ ने यूपी सेवानिवृत्ति लाभ नियमावली, 1961 के नियम 3(8) को सीमित रूप में पढ़ते हुए और सिविल सेवा विनियमन के विनियम 370 को रद्द करते हुए स्पष्ट किया था कि नियमित होने के बाद कर्मचारियों की पूर्ववर्ती वर्क-चार्ज्ड सेवा को पेंशन के लिए ‘अर्हकारी सेवा’ में गिना जाएगा।
पुनर्विचार याचिका खारिज होने और क्यूरेटिव याचिका वापस लेने के बाद राज्य सरकार ने अदालती आदेश के प्रभाव को निष्क्रिय करने के लिए विधायी रास्ता चुना। पहले 2020 में अध्यादेश और 2021 में अधिनियम लाकर ‘अर्हकारी सेवा’ की नई परिभाषा गढ़ी गई, और फिर 2025 में एक नया कानून लाकर ‘मौलिक नियुक्त व्यक्ति’ की शर्त जोड़ दी गई। दोनों कानूनों को 1 अप्रैल, 1961 से पूर्वव्यापी प्रभाव से लागू किया गया था।
सुप्रीम कोर्ट ने इस विधायी कवायद पर बेहद सख्त टिप्पणी की। स्वामी विवेकानंद के कथन को उद्धृत करते हुए अदालत ने कहा कि यहां केवल बोतल बदली गई है, लेकिन उसके भीतर की पुरानी समस्या जस की तस है। पृथ्वी कॉटन मिल्स, इंडियन एल्युमिनियम और मदन मोहन पाठक जैसे प्रमुख निर्णयों के आलोक में कोर्ट ने स्पष्ट किया कि विधायिका किसी फैसले के कानूनी आधार या दोष को दूर करने के लिए कानून बदल सकती है, लेकिन वह केवल शब्दों का हेरफेर कर एक अंतिम न्यायिक आदेश को निष्प्रभावी नहीं कर सकती। अदालत ने संविधान सभा में डॉ. भीमराव आंबेडकर की उस चेतावनी को भी याद दिलाया कि संविधान का स्वरूप बदले बिना भी प्रशासनिक तरीकों में बदलाव करके उसकी आत्मा को विकृत किया जा सकता है।
सेवा विधि के क्षेत्र में इस फैसले का सबसे बड़ा सैद्धांतिक योगदान ‘जन्मचिह्न के विलोपन’ के सिद्धांत का विस्तार है। इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने शैलेंद्र सिंह बनाम भारत संघ (2024) और इन री: हाईकोर्ट जजेस पेंशन रिफिक्सेशन (2025) में यह सिद्धांत प्रतिपादित किया था कि एक बार जिला न्यायपालिका या बार से उच्च न्यायालय (हाई कोर्ट) का न्यायाधीश नियुक्त हो जाने के बाद नियुक्ति का स्रोत (जन्मचिह्न) मिट जाता है और सेवानिवृत्ति लाभों में कोई भेदभाव नहीं किया जा सकता।
अब सुप्रीम कोर्ट ने इसी संवैधानिक दर्शन को आम सरकारी कर्मचारियों पर भी लागू कर दिया है। अदालत ने दो टूक कहा कि जब किसी एड-हॉक, दैनिक वेतनभोगी, मस्टर-रोल या वर्क-चार्ज्ड कर्मचारी को किसी विधिवत योजना के तहत नियमित कर दिया जाता है, तो वह नियमित सेवा की मुख्यधारा का हिस्सा बन जाता है। नियमितीकरण के साथ ही उसकी शुरुआती अस्थायी नियुक्ति का ‘जन्मचिह्न’ हमेशा के लिए मिट जाता है। सरकार पूर्वव्यापी कानून बनाकर उस मिटे हुए अंतर को दोबारा जिंदा नहीं कर सकती, क्योंकि यह संविधान के अनुच्छेद 14 (समानता), 16 (अवसर की समानता) और 21 (गरिमापूर्ण जीवन) का सीधा उल्लंघन है।
यह रुझान हाल के अन्य फैसलों में भी दिखता है। जग्गो बनाम भारत संघ (2024) में अदालत ने उमादेवी (2006) फैसले के चुनिंदा दुरुपयोग के प्रति आगाह करते हुए कहा था कि लंबे समय से जरूरी सेवाएं दे रहे कर्मचारियों के हक सिर्फ पदनाम के आधार पर नहीं मारे जा सकते। इसी तरह, जून 2026 के भिखानी देवी बनाम भारत संघ मामले में भी सुप्रीम कोर्ट ने दोहराया कि पेंशन कोई खैरात नहीं, बल्कि संविधान के तहत अर्जित अधिकार है और दशकों तक अस्थायी दर्जे पर काम करने वाले कर्मियों को औपचारिक नियमितीकरण के अभाव में इससे वंचित नहीं किया जा सकता।
अकसर सरकारें कर्मचारियों के देयकों के मामले में सरकारी खजाने पर भारी बोझ की दलील देती हैं। इस मामले में भी राज्य की ओर से हजारों करोड़ रुपये के वित्तीय भार की आशंका जताई गई। सुप्रीम कोर्ट ने इस दलील को सिरे से खारिज कर दिया। अदालत ने तल्ख टिप्पणी करते हुए न्यायिक संज्ञान लिया कि हाल के समय में राज्य ने पार्कों के निर्माण और सौंदर्यीकरण पर हजारों करोड़ रुपये खर्च किए हैं। कोर्ट ने स्पष्ट संदेश दिया कि सौंदर्यकरण जैसे विवेकाधीन खर्चों को नागरिकों के कानूनी और संवैधानिक अधिकारों से ऊपर नहीं रखा जा सकता। वित्तीय सीमाएं भुगतान के तरीके को तय कर सकती हैं, लेकिन वे कानूनी दायित्व से बचने का बहाना नहीं बन सकतीं।
पेंशन न्यायशास्त्र में एक अन्य महत्वपूर्ण विकास बकाया राशि (एरियर) की समय-सीमा को लेकर हुआ है। सामान्य नियम के तहत, जैसा कि शिव दास, तरसेम सिंह और प्रेम सिंह में तय किया गया था, देरी से अदालत आने पर पेंशन का मौद्रिक बकाया याचिका दायर करने से पूर्व के तीन वर्षों तक सीमित रहता है। 18 नवंबर, 2026 के फैसले में अदालत ने इस नियम को बरकरार रखा, लेकिन साथ ही एक मानवीय संतुलन भी साधा।
अदालत ने स्पष्ट किया कि तीन वर्ष की यह सीमा उन सेवानिवृत्त कर्मचारियों के कानूनी उत्तराधिकारियों पर लागू नहीं होगी, जिनका निधन प्रेम सिंह का फैसला आने से पहले ही हो चुका था। इसके अलावा, इसी वर्ष आए माया बनर्जी बनाम भारत संघ (2026) और पुराने एस.के. मस्तान बी फैसले को भी कोर्ट ने अनुच्छेद 15(3) के आलोक में स्पष्ट करते हुए बताया कि असहाय विधवाओं के पारिवारिक पेंशन के मामलों में तीन साल की सीमा की कठोरता लागू नहीं होती।
उच्चतम न्यायालय ने अपने ताजा फैसले को ‘इन रेम’ (सर्वव्यापी) घोषित किया है। इसका अर्थ है कि इसका लाभ केवल मुकदमा लड़ने वाले कर्मचारियों या संघों के सदस्यों तक सीमित नहीं है, बल्कि उत्तर प्रदेश के हर उस पात्र कर्मचारी को मिलेगा जो इस दायरे में आता है। पात्र सेवानिवृत्त कर्मचारी अब अपने सेवा विवरण के साथ सक्षम प्राधिकारी के समक्ष दावा पेश कर सकते हैं, जिसका निस्तारण छह महीने के भीतर करना अनिवार्य होगा। यदि कोई दावा अस्वीकार करना हो, तो कर्मचारी को सुनवाई का अवसर दिए बिना और तर्कसंगत आदेश पारित किए बिना ऐसा नहीं किया जा सकेगा। भुगतान में छह महीने से अधिक की देरी होने पर राज्य को 9 प्रतिशत वार्षिक साधारण ब्याज देना होगा। साथ ही, अवमानना याचिकाओं में अंतिम छह महीने की मोहलत देते हुए अदालत ने चेतावनी दी है कि अब चूक होने पर इसे ‘गंभीर अवमानना’ माना जाएगा।
भविष्य की मुकदमेबाजी को पारदर्शी बनाने के लिए अदालत ने एक महत्वपूर्ण प्रक्रियात्मक दिशा-निर्देश भी दिया है कि अब जब भी कोई कर्मचारी संगठन अपने सदस्यों के लिए रिट याचिका दायर करे, तो याचिका के साथ उस तिथि तक के सभी सदस्यों की पूरी सूची भी संलग्न करे।
जब सरकारी कामकाज का स्वरूप तेजी से बदल रहा है और अस्थायी व संविदा नियुक्तियों का दायरा बढ़ रहा है, तब 18 नवंबर, 2026 का यह फैसला महज अतीत के अन्याय का सुधार नहीं, बल्कि भविष्य के लिए एक संवैधानिक दिशा-निर्देश है। ‘जन्मचिह्न के विलोपन’ का जो सिद्धांत नियमित हो चुके कर्मचारियों के लिए ढाल बना है, वह आने वाले समय में देश भर की सेवा नीतियों की कसौटी तय करेगा कि एक बार व्यवस्था की मुख्यधारा में शामिल होने के बाद किसी नागरिक के साथ उसकी शुरुआती नियुक्ति के दर्जे के आधार पर भेदभाव नहीं किया जा सकता।
विधायिका और कार्यपालिका के लिए भी यह भविष्य का स्पष्ट मानक है कि शब्दों के हेरफेर से न तो अंतिम न्यायिक आदेशों को बेअसर किया जा सकेगा और न ही वित्तीय बोझ की दलील देकर संवैधानिक दायित्वों से मुंह मोड़ा जा सकेगा। इक्कीसवीं सदी के कल्याणकारी राज्य की असली परीक्षा केवल भव्य परियोजनाओं और सौंदर्यकरण में नहीं, बल्कि इस बात में होगी कि वह अपने उन नागरिकों के बुढ़ापे को कितनी गरिमा और सुरक्षा दे पाता है, जिन्होंने उसकी नींव रखने में अपना पूरा जीवन खपा दिया।
(लेखक. इलाहाबाद उच्च न्यायालय में अधिवक्ता हैं। ये उनके निजी विचार हैं।)
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मुकुंद

