सोनिया गांधी की आत्मकथा के अनुत्तरित सवाल (भाग एक)
सुरेन्द्र शर्मा
सोनिया गांधी की हाल ही में प्रकाशित आत्मकथा Belonging: A Journey of Love आजकल काफी चर्चा में है। अगर कांग्रेस पार्टी के कार्यकर्ताओं की बात करें तो मानो उन्हें कोई जीवन-दृष्टि प्रदान करने वाला ग्रंथ मिल गया हो। यह प्रतिक्रिया स्वाभाविक भी है, क्योंकि कांग्रेस का चुंबकत्व ही गांधी परिवार है। गांधी परिवार के अस्तित्व के बिना कांग्रेस की एकजुटता की कल्पना करना भी बेमानी है।
पुस्तक में सोनिया जी ने अनेक बातें बड़ी बेबाकी से लिखी हैं। इनमें उनके पिता का मुसोलिनी की सेना का अंग होना भी शामिल है, जिसके लिए सामान्य प्रचलन में फासिस्ट शब्द का इस्तेमाल होता है। सोनिया गांधी अपनी आत्मकथा में विस्तार से और गर्व के साथ बताती हैं कि उनके पिता मुसोलिनी की फासिस्ट फौज में अफसर थे। उन्होंने लिखा है :
पिता सर्जेंटे माज्जोरे (सार्जेंट मेजर) थे। वे इतालवी सेना की बर्सालियेरी रेजिमेंट में थे। यह एक बेहद कठोर और युद्ध का लंबा अनुभव रखने वाली सैन्य टुकड़ी थी, जिसकी तुलना अमेरिका के ग्रीन बेरेट्स से की जा सकती है। वे रूस अभियान के अनुभवी सैनिक थे। बेनितो मुसोलिनी ने जब जर्मन सेना के साथ मिलकर लड़ने के लिए इतालवी सैनिकों को रूस भेजा था, तब वे भी वहाँ गए थे। 1943 के अंत में जब उनकी उम्र 26 वर्ष थी। उस समय इतालवी सेना हार चुकी थी और सैनिकों ने पीछे हटना शुरू कर दिया था। इतिहास में कई बार ऐसा हुआ है कि रूस की भीषण ठंड ने दुश्मन सेनाओं पर कहर बरपाया है। इस बार भी रूसी सर्दी, जिसे ‘जनरल विंटर’ कहा जाता है, पीछे हट रहे सैनिकों पर भारी पड़ी। उस अभियान की असहनीय कठिनाइयाँ पहले ही उनके लिए एक आघात थीं। लेकिन अपमानजनक ढंग से पीछे हटने का अनुभव किसी दुःस्वप्न से कम नहीं था। उनकी सैन्य टुकड़ी के कुछ ही सैनिक जीवित लौट पाए थे। उनके साथी उन्हें यूँ ही माइनो इल लियोने यानी ‘माइनो शेर’ नहीं कहते थे। वे अपने साथियों के बीच बेहद लोकप्रिय थे .... (पेज 13)
यद्यपि सोनिया जी ने अपने पिताजी के युद्ध कौशल का वर्णन किया है, लेकिन इस सच को भी स्वीकार किया है कि वे एक फासिस्टवादी सेना का हिस्सा थे। सोनिया गांधी जी ने इस पुस्तक में वह सच छिपाया है, जिसे देश के कानून के जानकार बहुत अच्छी तरह से जानते हैं। वर्ष 2004 में अटल बिहारी वाजपेयी जी के नेतृत्व वाली राजग सरकार को बहुमत नहीं मिला। कांग्रेस को 145 सीटें मिली थीं, जो भाजपा की 138 सीटों से सात अधिक थीं। कांग्रेस के नेतृत्व में संप्रग (यूपीए) की सरकार बनाने का निर्णय हुआ।
स्वाभाविक था कि प्रधानमंत्री सबसे बड़े दल यानी कांग्रेस से बनना था। कांग्रेस के सभी नेता सोनिया गांधी जी से पद स्वीकार करने का आग्रह करते हैं। कांग्रेस नेताओं के दबाव के बीच वह क्षण भर के लिए सहमति देती हैं। विपक्ष इस पर अपना विरोध जताता है। फिर उनकी और भारत के तत्कालीन राष्ट्रपति ए.पी.जे. अब्दुल कलाम की मुलाकात होती है और वह अपना फैसला बदलती हैं। इसके बाद डॉ. मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री बनते हैं। सोनिया जी इस किताब में राष्ट्रपति जी से उनकी मुलाकात के विवरण पर मौन रही हैं।
वरिष्ठ नेता सुब्रमण्यम स्वामी जी के अनुसार, सोनिया जी चाहती थीं कि वह भारत की प्रधानमंत्री बनें, लेकिन भारत के एक कानून के अनुसार विदेश में जन्मा कोई व्यक्ति भारत का राष्ट्रपति या प्रधानमंत्री नहीं बन सकता। इसी कारण वह भारत की प्रधानमंत्री नहीं बन सकीं। कांग्रेस के नेताओं ने उन्हें त्याग की देवी कहकर प्रचारित किया, जबकि वास्तविकता कुछ और थी।
2004 के बाद के दौर को पुस्तक में सरसरी तौर पर समेटा गया है। जिस समय लेखिका का राजनीतिक प्रभाव सबसे अधिक था, उसी समय का सीमित विवरण इस आत्मकथा की सबसे बड़ी कमी है। सोनिया जी का राष्ट्रीय सलाहकार समिति का अध्यक्ष बनना और एक सुपर प्राइम मिनिस्टर की उनकी भूमिका से सारा देश परिचित है। उस समय सोनिया जी की भूमिका इतनी पावरफुल थी कि प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह जी के राजनीतिक सलाहकार रहे संजय बारू ने अपनी पुस्तक का शीर्षक ही द एक्सीडेंटल प्राइम मिनिस्टर रखा है।
लोकतांत्रिक जवाबदेही की दृष्टि से 2004 के बाद की सोनिया गांधी जी की भूमिका अधिक महत्वपूर्ण है। प्रधानमंत्री, कांग्रेस अध्यक्ष, राष्ट्रीय सलाहकार परिषद और गठबंधन सहयोगियों की भूमिकाएँ व्यवहार में कैसे तय होती थीं? किन मुद्दों पर पार्टी और सरकार की प्राथमिकताएँ अलग थीं? ऐसे मतभेदों में सोनिया गांधी ने कब हस्तक्षेप किया और कब फैसला प्रधानमंत्री पर छोड़ा? किसी एक बड़े नीतिगत निर्णय की पूरी कहानी भी इन संबंधों को समझने में मदद नहीं करती। उपलब्ध पुस्तक में 2004 के फैसले के पीछे की मंशा जितनी स्पष्ट लिखी गई है, उसके बाद सत्ता के इस्तेमाल का ब्यौरा उतना ही सीमित है।
इस पुस्तक में एक और कमी दिखाई देती है। वह है बोफोर्स पर सीमित शब्दों का चयन, जो खटकता है। राजीव गांधी के जीवन और राजनीतिक संघर्ष पर विस्तार से लिखी गई पुस्तक में बोफोर्स विवाद की सीमित चर्चा खटकती है। यह किताब इस प्रसंग को सरसरी तौर पर लेती है। उस समय आरोप सामने आने पर राजीव गांधी अपने सहयोगियों की सलाह को कैसे देखते थे? विवाद बढ़ने के साथ कांग्रेस की प्रतिक्रिया में क्या बदलाव आया? पीछे मुड़कर देखने पर सोनिया गांधी को उस प्रतिक्रिया में कौन-सी गलती दिखाई देती है? ऐसे सवालों पर उनका अपना अनुभव उस दौर के राजनीतिक इतिहास में कुछ नया जोड़ सकता था।
आखिर अमिताभ बच्चन ने लोकसभा से क्यों इस्तीफा दिया? बोफोर्स में दलाली के जिन आरोपों में ऑक्टोवियो क्वात्रोची का नाम सामने आया, उनका जिक्र ही नहीं है, जबकि सोनिया गांधी और राजीव गांधी के राजनीतिक सफर में क्वात्रोची की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण रही है। क्वात्रोची की वजह से ही राजीव गांधी की मिस्टर क्लीन वाली छवि खत्म हो गई और उन्हें भी मिस्टर 20% कहा जाने लगा। जिस वक्त पाकिस्तान की मीडिया पाकिस्तान के प्रधानमंत्री बेनजीर भुट्टो के पति आसिफ अली जरदारी को मिस्टर 10% कह रही थी, उस जमाने में भारत की मीडिया भी राजीव गांधी को मिस्टर 30% कहने लगी।
ऑक्टोवियो क्वात्रोची सोनिया गांधी के बचपन के दोस्त थे। सोनिया गांधी जब भारत आईं तो उन्होंने क्वात्रोची को भी भारत बुला लिया था। वह दिल्ली के लुटियंस जोन में एक विशाल बंगले में रहते थे। राजीव गांधी जी के प्रधानमंत्री कार्यकाल के दौरान आईएनएस विराट पर आयोजित एक पार्टी की चर्चा अक्सर मीडिया के गलियारों में होती है। उस पार्टी में इटली के लोग समुद्र में जश्न मना रहे थे और उस वक्त आईएनएस विक्रांत को ड्यूटी से हटाकर पार्टी के लिए रखा गया था। उस पार्टी में क्वात्रोची भी अपने परिवार के साथ मौजूद थे।
ऑक्टोवियो क्वात्रोची भारत के सभी सरकारी दफ्तरों में बेरोकटोक आते-जाते थे। बड़े-बड़े प्रमुख सचिव और सचिव स्तर के अधिकारी उन्हें प्रणाम करते थे। कैबिनेट मंत्री तो उन्हें देखते ही उनके कदमों में सजदा करने लगते थे। यह बात राजीव गांधी सरकार में मंत्री रहे अरुण नेहरू और विश्वनाथ प्रताप सिंह ने उस दौर में लगातार कही है। जैसे ही बोफोर्स घूस का खुलासा स्वीडिश रेडियो ने किया, उसके बाद पहले आरोपी विन चड्ढा को पकड़ा गया। उसने क्वात्रोची का नाम लिया और क्वात्रोची के खाते में उस जमाने में 800 करोड़ रुपये ट्रांसफर होने का खुलासा हुआ। फिर रातोंरात ऑक्टोवियो क्वात्रोची अपने परिवार के साथ भारत से फरार हो गए।
कुछ साल बाद मलेशिया में कुआलालंपुर एयरपोर्ट पर मलेशिया पुलिस ने इंटरपोल के नोटिस के आधार पर क्वात्रोची को गिरफ्तार किया और भारत की सीबीआई से कहा कि आपका मुजरिम हमारी गिरफ्त में है, आप इसे लेकर जाइए। उस वक्त भारत में कांग्रेस सत्ता में थी और सीबीआई ने मलेशिया पुलिस को बता दिया कि हमें क्वात्रोची की जरूरत नहीं है, आप उसे छोड़ दीजिए। क्वात्रोची उस वक्त भारत के हाथों में आते-आते रह गया। उस समय भी सीबीआई के लोगों ने बताया कि उन्हें एक बहुत बड़े ऑफिस से, यानी जहाँ के अधिकारियों के अधीन वे काम करते थे, फोन आया था और उन्होंने अपने बॉस के आदेश का पालन किया था।
उसके बाद लंदन कोर्ट ने क्वात्रोची के खाते को फ्रीज कर दिया। उसके खाते में जितने भी पैसे पड़े थे, वे सभी ब्लॉक हो गए। उसके बाद उस वक्त भारत के कानून मंत्री हंसराज भारद्वाज, जो कांग्रेस पार्टी के नेता भी थे, बगैर अपनी लॉगबुक में यात्रा का विवरण दर्ज किए कि वे कहाँ जा रहे हैं, चुपचाप लंदन जाते हैं। भारत सरकार के लेटरपैड पर लंदन कोर्ट को पत्र देते हैं कि आप क्वात्रोची के खाते को डीफ्रीज कर दीजिए, भारत सरकार को कोई आपत्ति नहीं है। भारत सरकार के कानून मंत्री की अंडरटेकिंग पर लंदन की कोर्ट ने क्वात्रोची के खातों को डीफ्रीज करने का आदेश दिया और अगले आधे घंटे में क्वात्रोची ने सारे पैसे अपने बच्चों और पत्नी के खातों में ट्रांसफर कर दिए। बाद में जब इस मामले का खुलासा हुआ तो सांप के निकल जाने के बाद लकीर पीटने वाली कहावत चरितार्थ हो गई।
खैर, तमाम उतार-चढ़ाव के बाद क्वात्रोची और उसका परिवार लंदन, अमेरिका और इटली में आलीशान जिंदगी जीता रहा। क्वात्रोची भारत क्यों आया, किसलिए आया, भारत में उसकी भूमिका क्या रही, वह भारत से कैसे बाहर गया और उसका खाता कैसे चालू हुआ, अगर इन तथ्यों का उल्लेख सोनिया जी की पुस्तक में होता तो और अच्छा रहता। (क्रमश: भाग 2 में)
( लेखक, प्रदेश उपाध्यक्ष भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश हैं।)
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. मयंक चतुर्वेदी

