(व्यंग्य) सियासत का नया कंसोल, 'जीटीए 6' का बुखार और चुनावी मिशन!
- विनय के पाठक
दुनिया भर के गेम लवर्स ने जिस 'ग्रैंड थेफ्ट ऑटो 6' (जीटीए 6) का 13 साल तक बेसब्री से इंतजार किया, उसके बाजार में आते ही भारतीय राजनीति का कंट्रोलर भी अचानक सक्रिय हो गया है। हमारे देश के राजनेताओं की यही सबसे बड़ी खूबी है कि वे दुनिया के हर बड़े इवेंट में अपनी सियासी फसल बोने का हुनर बखूबी जानते हैं। गेमिंग की दुनिया में वर्चुअल गाड़ियां दौड़ें या न दौड़ें लेकिन सोशल मीडिया के हाई-वे पर राजनीतिक तंज की गाड़ियां फुल स्पीड में सरपट भागने लगी हैं।
कहानी की शुरुआत बड़े आधुनिक अंदाज में हुई, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जीटीए 5 से जीटीए 6 के बीच के 13 वर्षों के सफर को देश के बदलते स्वरूप से जोड़ते हुए कहा कि भारत अब एक बिल्कुल नया खेल खेल रहा है। अब जब शीर्ष नेतृत्व ने गेमिंग की शब्दावली का श्रीगणेश कर दिया तो पार्टी की सोशल मीडिया टीम भला पीछे कैसे रहती। उन्होंने तुरंत इस डिजिटल अखाड़े को एक मल्टी-प्लेयर बैटलग्राउंड में तब्दील कर दिया और विपक्ष के चार दिग्गज नेताओं के लिए बाकायदा कस्टमाइज्ड पोस्टर लॉन्च कर दिए। साथ में गेमिंग की भाषा में एक चुटीला कैप्शन भी जड़ दिया कि इनके साथ तो टीम भी नहीं बनाई जा सकती।
इन पोस्टरों की क्रिएटिविटी देखकर तो असली गेम डेवलपर्स भी एक बार को चकरा जाएं। हर नेता को उनकी पुरानी सियासी छवि और विवादों के हिसाब से एक अनोखा 'मिशन' सौंप दिया गया है। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को सीमा की बाड़ के सामने खड़ा कर 'ग्रैंड थेफ्ट बॉर्डर' का टाइटल दिया गया, जहां उनका मिशन सीमा पार से आने वालों के लिए दरवाजे खोलना बताया गया है। दूसरी तरफ, आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल को 'ग्रैंड थेफ्ट शीशमहल' के पोस्टर में शाही सिंहासन और झूमर के साथ दिखाते हुए तंज कसा गया कि सादगी का चोला ओढ़कर ऐसा आशियाना बनाया जाए, जिसे देखकर महाराजाओं को भी रश्क हो।
उत्तर प्रदेश की सियासत का जिक्र हो और पुराने किस्से बाहर न निकलें, ऐसा भला कैसे हो सकता है। समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव के हाथ में नल की टोंटी थमाकर 'ग्रैंड थेफ्ट टोंटी चोर' का पोस्टर जारी किया गया, जिसमें एक भी टोंटी न छोड़ने का मिशन दर्ज है। वहीं, कांग्रेस नेता राहुल गांधी के हिस्से में 'ग्रैंड थेफ्ट लूजर' का पोस्टर आया, जिसमें वे संसद के बाहर बैठे हैं और बगल में लगा स्कोरबोर्ड 99 चुनावी हारों के बाद शतक पूरा होने की उल्टी गिनती दिखा रहा है।
दरअसल, आधुनिक भारतीय राजनीति में अब गंभीर वैचारिक बहसों की जगह मीम्स और पॉप-कल्चर के रेफरेंस ने ले ली है। पहले चुनाव के मैदान में बड़े-बड़े घोषणापत्र और भारी-भरकम भाषण गूंजते थे, लेकिन अब सारा खेल ग्राफिक्स और पंचलाइन पर सिमट आया है। सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच की यह नोकझोंक किसी वीडियो गेम के लेवल जैसी हो गई है, जहां हर पार्टी दूसरे के पुराने रिकॉर्ड्स को 'चीट कोड' की तरह इस्तेमाल कर उसका गेम ओवर करने की फिराक में रहती है।
आम जनता भी इस सियासी गेमिंग का भरपूर आनंद ले रही है। असली 'जीटीए 6' खेलने के लिए तो महंगे कंसोल और हाई-स्पीड इंटरनेट की जरूरत पड़ती है, लेकिन हमारे नेताओं की बदौलत देशवासियों को सोशल मीडिया पर ही मुफ्त का मनोरंजन मिल रहा है। बस देखना यह दिलचस्प होगा कि इस वर्चुअल गेमिंग वॉर में किसका मिशन कामयाब होता है और जनता किसके हाथ में सत्ता का असली रिमोट थमाती है।
(लेखक वरिष्ठ पत्रकार हैं।)
--------------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव पाश

