(व्यंग्य) युवावस्था की कोई एक्सपायरी डेट नहीं
- विनय के पाठक
भारतीय राजनीति के फलक पर कई अलौकिक दृश्य देखने को मिलते हैं लेकिन इनमें से सबसे विहंगम दृश्य है-देश के सबसे प्रसिद्ध 'नौजवान' की अंतहीन युवावस्था। दुनिया के किसी भी कोने में चले जाइए, पैमाना यह होता है कि अगर इंसान पचास का आंकड़ा पार कर ले, दाढ़ी के बाल चांदी की तरह चमकने लगें तो समाज उसे वरिष्ठ मान लेता है। मगर धन्य है हमारे देश की ग्रैंड ओल्ड पार्टी, जहां 'युवा' होने की कोई एक्सपायरी डेट ही नहीं है!
तर्क भी बड़ा नायाब है- जब तक शादी नहीं हुई, बाल-बच्चे नहीं हुए, तब तक कोई बूढ़ा कैसे हो सकता है? इसी अद्भुत परिभाषा के सहारे हमारे प्रिय नेता आज भी 56 साल की उम्र में सत्तर साल के बुजुर्गों के सामने 'युवाओं के प्रतिनिधि' बनकर भाषण देते हैं।
हाल ही में बीजेपी प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने भी प्रेस कॉन्फ्रेंस में इस अनोखी प्रतिभा पर चुटकी लेते हुए कहा कि 56 साल की उम्र में 50 साल का राजनीतिक अनुभव रखने का यह अनोखा करिश्मा सिर्फ एक 'पक्की दाढ़ी वाले नौजवान' में ही हो सकता है! 6 साल की दुग्ध-अवस्था में ही वैश्विक राजनीति के गूढ़ रहस्यों को समझ लेना वाकई एक ईश्वरीय वरदान है!
लेकिन असली 21 तोपों की सलामी के हकदार तो इस पार्टी के समर्पित दरबारी हैं, जिनका धैर्य हिमालय से भी ऊंचा है। उनकी सहनशीलता को देखकर आधुनिक विज्ञान भी हैरान है। जब पार्टी के मंच से ऐसी ज्ञानवर्धक बातें निकलती हैं, जिन्हें सुन कर प्राथमिक विद्यालय का बच्चा भी मुस्कुरा दे, तब भी ये समर्पित साथी गंभीर चेहरों के साथ तालियां बजाते हैं।
समकालीन उदाहरण देखिए- जब चुनाव हारने पर यह दलील दी जाती है कि पहले मेरे पास सबूत था कि वोट चोरी हुए हैं लेकिन अब राष्ट्रपति जी के मांगने पर मैं सबूत नहीं दूंगा बल्कि सरकार यह साबित करे कि चोरी नहीं हुई है! इस अनोखे 'रिवर्स-लॉजिक' को सुनकर अरस्तू और सुकरात की आत्माएं भी स्वर्ग में पानी मांग रही होंगी।
इस अंतहीन युवावस्था के चक्कर में वरिष्ठ नेताओं को जो 'शारीरिक और मानसिक' अनुभव मिलते हैं, वे भी कमाल के हैं। सोशल मीडिया पर अक्सर वीडियो वायरल होते हैं जहां दीपेन्द्र हुड्डा या डीके शिवकुमार जैसे बड़े-बड़े कद्दावर नेताओं को मंचों या ट्रकों से किसी तिनके की तरह धकिया कर पीछे धकेल दिया जाता है। आम जनता इसे जलालत कहती है लेकिन कांग्रेसी इसे 'युवा नेता का दोस्ताना आलिंगन और कुहनी-प्रसाद' मानकर धन्य हो जाते हैं।
जातिगत जनगणना के नाम पर खुद की पार्टी का 'एक्स-रे' भूलकर देश का एक्स-रे करने की जिद हो या विदेश में जाकर भारत की लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमतर आंकने की बचकानी आदत- इन सब जलालतों को ये दरबारी मुस्कुरा कर झेलते हैं।
वजह साफ है, अगर नेताजी को परिपक्व मान लिया गया तो उन पर हार की जवाबदेही का बोझ आ जाएगा। जवाबदेही से बचने और लुटियंस दिल्ली के बंगले में शीर्ष पर बने रहने का इससे सुरक्षित फॉर्मूला और क्या हो सकता है कि हमेशा 'युवा और बच्चा' ही बने रहा जाए। इसलिए, जब तक दाढ़ी पूरी तरह सफ़ेद होकर इतिहास न बन जाए, तब तक इस बचपने का उत्सव यों ही पूरी बेहयाई और अटूट धैर्य के साथ मनाया जाता रहेगा।
(लेखक, वरिष्ठ पत्रकार हैं।)
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव पाश

