home page

एक बहादुर सैनिक का स्मरण

 | 

- ब्रजेश कुमार झा

जन्म: 29 नवंबर, 1935

शहादत: 05 दिसंबर, 1961

1960 में बेल्जियम से आज़ादी मिलने के बाद कांगो गणराज्य बड़े पैमाने पर हिंसा की चपेट में आ गया था। तब लगभग गृहयुद्ध जैसी स्थिति पैदा हो गई थी। समय की नजाकत को देखते हुए संयुक्त राष्ट्र ने उस क्षेत्र में शांति सेना तैनात कर रही थी, जिसमें गोरखा राइफल्स के कैप्टन गुरबचन सिंह सलारिया थे। वे शांति सेना की एक टुकड़ी का नेतृत्व कर रहे थे।

5 दिसंबर, 1961 की बात है। सुबह कैप्टन सलारिया और उनकी टुकड़ी अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ रही थी। उन्हें एलिज़ाबेथविले शहर के एक महत्वपूर्ण सड़क मार्ग और चौराहे को दुश्मन के कब्ज़े से मुक्त कराने की ज़िम्मेदारी सौंपी गई थी। वह चौक शहर की प्राणवायु थी। उस तनाव से भरे शहर में सैन्य टुकड़ी आगे बढ़ रही थी।

अभी वह टुकड़ी चौराहे से करीब हज़ार मीटर की दूरी पर थी। तभी दुश्मन ने अचानक हमला कर दिया और उस टुकड़ी को घेर लिया। दुश्मन की संख्या बहुत ज़्यादा थी और उन्होंने लगातार ऑटोमैटिक हथियारों से गोलीबारी शुरू कर दी थी। कैप्टन ने ज़बरदस्त जवाबी हमला किया। वे इस बात को समझ गए थे कि उनके पीछे हटने से आगे दुश्मन से लोहा लेने वाली टुकड़ी पर दवाब काफ़ी बढ़ सकता है। इसलिए उन्होंने आगे बढ़ने का निर्णय किया। भारी गोलीबारी के बीच वे अपनी सैन्य टुकड़ी का का नेतृत्व करते हुए आगे बढ़ रहे थे। दुश्मन घात लगाए बैठे थे। तभी कैप्टन सलारिया की गर्दन में एक गोली लग गई। वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इसके बावजूद उन्होंने अपना मोर्चा नहीं छोड़ा। उन्होंने अदम्य साहस के साथ लड़ते हुए दुश्मन के 40 लड़ाकों को मार गिराया और अंततः अपने घावों के कारण वीरगति को प्राप्त हुए।

इस भीषण जवाबी हमले ने दुश्मन को हिला कर रख दिया। उनका मनोबल टूट गया और वे डर के मारे युद्ध के मैदान से भाग खड़े हुए। इस सफलता से पास के मोर्चे पर लड़ रही संयुक्त राष्ट्र की शांति सेना को बहुत मदद मिली, जिससे वे अपना लक्ष्य हासिल कर सके और एलिज़ाबेथविले में संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय को चारों तरफ से घिरने से बचा लिया।

यह स्मरण रहे कि 9 जून, 1957 को गोरखा राइफल्स में शामिल हुए कैप्टन सलारिया, संयुक्त राष्ट्र शांति मिशन के दौरान असाधारण नेतृत्व और सर्वोच्च बलिदान के लिए परमवीर चक्र (मरणोपरांत) पाने वाले एकमात्र भारतीय सैनिक हैं।

जनवरी 2023 में भारत सरकार ने अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के 21 बड़े द्वीपों का नाम 21 परमवीर चक्र विजेताओं के नाम पर रखा। इनमें से एक द्वीप 'सलारिया द्वीप' कैप्टन गुरबचन सिंह सलारिया को एक स्थायी श्रद्धांजलि के रूप में मौजूद है।

-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रभात मिश्रा