home page

जनजातीय लोकजीवन और लोकसंस्कृति में राम

 | 
जनजातीय लोकजीवन और लोकसंस्कृति में राम


- दीपक द्विवेदी

सगुनहि अगुनहि नहिं कछु भेदा। गावहिं मुनि पुरान बुध बेदा॥

अगुन अरूप अलख अज जोई। भगत प्रेम बस सगुन सो होई॥

गोस्वामी तुलसीदास की इन पंक्तियों में राम के विराट स्वरूप का दर्शन होता है, राम केवल राजमहलों के नहीं, झोपड़ियों के भी हैं; केवल नगरों के नहीं, वनों और पर्वतों के भी हैं; केवल संस्कृत के महाकाव्यों और मंदिरों में नहीं, लोकगीतों, जनजातीय आख्यानों, गाँवों की चौपालों, नदियों के किनारों और पीढ़ियों से चली आ रही स्मृतियों में भी जीवित हैं। भारत के किसी गाँव में जाइए, किसी वनवासी बस्ती में बैठिए, किसी लोक गायक से उनकी पुरानी कथा सुनिए, आपको कहीं न कहीं श्रीराम का नाम अवश्य सुनाई देगा।

सामान्यतः वनवास को राजमहल से निष्कासन और कठिन जीवन की अवधि के रूप में देखा जाता है, लेकिन रामकथा में यही वह समय है जब राम का संपर्क वन, पर्वत, नदियों, आश्रमों और अनेक वनवासी समुदायों से होता है। उनका जीवन राजसी वैभव से निकलकर सामान्य जनजीवन के बीच पहुँचता है।

वाल्मीकि रामायण का वन संसार निर्जन और निष्प्राण नहीं है। वहाँ ऋषियों के आश्रम हैं, वन्य जीवन है, नदियाँ और पर्वत हैं, विभिन्न समुदायों के निवास हैं और अपनी-अपनी जीवन-पद्धतियाँ हैं।

अयोध्या छोड़कर वन की ओर जाते हुए जब राम, सीता और लक्ष्मण श्रृंगवेरपुर पहुँचते हैं, तब निषादराज गुह उनका स्वागत करते हैं। वे राम के मित्र हैं। उनके मन में राम के प्रति इतना स्नेह है कि वे उन्हें अपने से अलग मानने को तैयार नहीं होते। एक ओर अयोध्या के राजकुमार हैं, दूसरी ओर निषाद समुदाय के राजा; लेकिन मित्रता के बीच न कोई ऊँच-नीच है, न पद का अहंकार है ।

जब रावण माता सीता का हरण कर उन्हें आकाश मार्ग से ले जा रहा था, तब वृद्ध जटायु ने उसे रोकने का साहस किया। इस संघर्ष में वे घायल होकर धरती पर गिर पड़े। जटायु राम जी को सीता के हरण की जानकारी देते हैं और अंततः प्राण त्याग देते हैं। राम स्वयं उनका अंतिम संस्कार करते हैं। जटायु की कथा हमें बताती है कि धर्म केवल अपने परिवार या समुदाय की रक्षा का नाम नहीं है। किसी अन्याय के विरुद्ध खड़े होना और संकट में पड़े व्यक्ति की सहायता करना भी धर्म है।

बेर में नहीं, प्रेम में छिपा था भक्ति का स्वाद

मतंग ऋषि के आश्रम में रहने वाली शबरी अपने गुरु के निर्देशानुसार राम के आने की प्रतीक्षा करती हैं। राम के आश्रम पहुँचते ही, लोकप्रिय रामकथा में वे बेर चख-चखकर राम को खिलाती हैं, ताकि उन्हें कोई खट्टा फल न मिले। राम उनके प्रेम को स्वीकार करते हैं।

रामायण में उनका संबंध शबर समुदाय से जोड़ा जाता है। क्षेत्रीय मान्यताओं में उन्हें भील, सावर अथवा संवर समुदाय से भी जोड़ा गया है। छत्तीसगढ़ के कुछ संवर-सांवरा समुदायों में स्वयं को शबरी का वंशज मानने की लोकमान्यता मिलती है। शबरी का संदेश आज भी उतना ही प्रासंगिक है कि प्रेम में कोई छोटा-बड़ा नहीं होता। राम के लिए शबरी की कुटिया भी उतनी ही पवित्र थी, जितना अयोध्या का राजमहल।

वनवासी हुए राम अपने भगत के कारण।

पहला मिलन केवट से, केवट धोए दोनों पांव,

दूजा मिलन भई शबरी से, दर्शन दिए आए,

तीजा मिलन भई जटायु से, पहुंचाए निजधाम

रामकथा, अनेक रूप: जनजातीय लोकजीवन की रचनात्मकता

रामकथा की सबसे सुंदर विशेषता यह है कि वह भारत के अलग-अलग क्षेत्रों में पहुँचकर वहाँ की भाषा बोलने लगती है। भील, मुंडा, संथाल, गोंड, सौर, कोरकू, राभा, बोडो-कछारी, खासी, मिजो, मैतेई तथा पूर्वोत्तर के अनेक समुदायों की रामकथा परंपराओं का उल्लेख मिलता है। कार्बी, मिसिंग, दिमासा और जैंतिया जैसे समुदायों की लोककथाएँ भी इस व्यापक सांस्कृतिक परिदृश्य का हिस्सा हैं।

राम अपने हैं, इसलिए भांजे हैं-

कुछ गोंड लोक परंपराओं में माता कौशल्या को छत्तीसगढ़ की बेटी माना जाता है। इसी आधार पर राम को अपना भांजा कहा जाता है। जिस राम को पूरी दुनिया मर्यादा पुरुषोत्तम कहती है, उसी राम को कोई समुदाय अपने घर का भांजा मानकर अपनाता है।

सुमिरों धरती माता, सुमिरों बड़ा देव रे। रामायणी के कथा कहों, सुन लेवो सब कोय रे।

अयोध्या के राज छूटे, बनवास के बारी आय। राम लखन अउ सीता संग, जंगल डगरिया जाय

रामलला अयोध्या के, छत्तीसगढ़ के भांचा राम, तारणहार अहल्या के, शबरी के दुलारे राम ।

भिलोड़ी रामायण में लोकजीवन की सुगंध-

गुजरात, राजस्थान और मध्य प्रदेश के भील क्षेत्रों में रामकथा के कई रूप प्रचलित हैं। पंचमहल क्षेत्र की भिलोड़ी रामायण विशेष उल्लेखनीय है। कथा की शुरुआत गणपति, महादेव, राम, सीता, हनुमान और गुरु की स्तुति से होती है।

साथे सीता माता ने लछमन वीर चाल्या जी, वन-वन भटके रघुवर, धर्म काज पाल्या जी

सीता और धरती का आत्मीय रिश्ता-

मुंडा समाज की कुछ लोककथाओं में माता सीता के जन्म का प्रसंग अलग रूप में मिलता है। एक कथा के अनुसार अकाल से परेशान राजा जनक स्वयं खेत जोतते हैं और हल की रेखा में उन्हें एक बालिका मिलती है। वे उसका नाम सीता रखते हैं।

अयोध्या रेदो राजा दशरथ, बिर-बुरु रेदो राम-लछमन। सीता माई दो दः आगु तना,बुरु झरना रे चिलिका सुकु तना।

जहां सीता स्वयं उठा लेती हैं शिवधनुष-

झारखंड के छोटानागपुर क्षेत्र के बिरहोर समुदाय से जुड़ी रामकथा में सृष्टि की रचना सिंगबोंगा से जोड़ी जाती है। पृथ्वी का दायित्व रावण को सौंपा जाता है, लेकिन वह अत्याचारी बन जाता है। तब ईश्वर उसके अत्याचार का अंत करने के लिए मानव रूप (राम) में जन्म लेने का निर्णय करते हैं। सबसे अद्भुत प्रसंग तब आता है जब सीता आँगन की सफाई करते हुए वहाँ रखे भारी शिवधनुष को सहजता से एक ओर रख देती हैं। राजा जनक उनकी असाधारण शक्ति देखकर आश्चर्यचकित रह जाते हैं।

जब राम ने शत्रु को भी पुरोहित का सम्मान दिया-

असम के कार्बी समुदाय की रामकथा छाबिन आलुन में राम युद्ध से पहले एक धार्मिक अनुष्ठान करना चाहते हैं। अनुष्ठान के लिए पुरोहित की आवश्यकता पड़ती है और रावण को बुलाया जाता है। रावण आमंत्रण स्वीकार कर पुरोहित के रूप में अनुष्ठान संपन्न कराता है। राम उसके सामने श्रद्धा से झुकते हैं। लक्ष्मण को यह देखकर क्रोध आता है कि जो रावण उनका शत्रु है, उसे इतना सम्मान क्यों दिया जा रहा है। राम समझाते हैं कि इस समय वे रावण को शत्रु के रूप में नहीं, पुरोहित के रूप में सम्मान दे रहे हैं। अनुष्ठान पूरा होने पर रावण राम को विजय का आशीर्वाद भी देता है।

पूर्वजों की स्मृतियों में रामकथा-

संथाल समाज से जुड़ी कुछ लोककथाओं में राम और रावण के युद्ध, में संथाल अपने पूर्वजों को राम की सहायता करने वाला बताते हैं। एक अन्य लोककथा में राम के संथाल क्षेत्र में ठहरने और शिवमंदिर बनवाने की बात कही जाती है।

राम रे राम, सीता रे राम, बिर बुरु रेको दाड़ान काना।

लक्ष्मण की अग्निपरीक्षा और सीता का शक्ति-स्वरूप-

मध्य भारत के बैगा समाज से जुड़ी एक लोककथा में लक्ष्मण को अपनी पवित्रता सिद्ध करने के लिए अग्निपरीक्षा से गुजरना पड़ता है।

कुछ अन्य जनजातीय और क्षेत्रीय रामकथाओं में सीता काली का रूप धारण कर रावण अथवा अन्य दुष्ट शक्तियों का संहार करती हैं।

लोकगीतों में रामनाम-

सौर समाज से जुड़ी कुछ लोकमान्यताओं में शबरी को अपना पूर्वज माना जाता है। वहीं कोरकू समुदाय के लोकगीतों में रामनाम, जीवन की नश्वरता और संसार की क्षणभंगुरता का भाव दिखाई देता है। विदर्भ और मेलघाट क्षेत्र में रामनाम से जुड़े गीतों और कथाओं का उल्लेख मिलता है।

रामकथा की एक अलग सांस्कृतिक दुनिया-

असम के कार्बी, बोडो-कछारी, राभा, मिसिंग और दिमासा समुदायों में रामकथा से जुड़े आख्यान मिलते हैं। मणिपुर में वारी लीबा अर्थात पारंपरिक कथावाचन, पेना-सकपा, खोंगजोम पर्व और जात्रा जैसी शैलियों में रामकथा के प्रसंग प्रस्तुत किए जाते रहे हैं। असमिया साहित्य में माधव कंदली की रामायण का विशेष स्थान है। शंकरदेव की रामविजय नाट्यपरंपरा भी रामकथा के क्षेत्रीय विस्तार को दिखाती है। ओजापाली और कुशनगान जैसी प्रस्तुतियों में भी रामकथा के प्रसंग मिलते हैं।

जब पूरा शरीर बन गया रामनाम की पुस्तक-

छत्तीसगढ़ का रामनामी समुदाय के लोग अपने शरीर पर रामनाम का गोदना बनवाते हैं। उनके वस्त्रों, घरों और दैनिक जीवन में भी रामनाम का विशेष स्थान है। रामनामी परंपरा के लोग राम को समस्त सृष्टि में विद्यमान मानते है। इस परंपरा में रामनाम का महत्त्व इतना अधिक है कि शरीर स्वयं भक्ति का माध्यम बन जाता है।

डांग और दक्षिण गुजरात : लोकगीतों में राम

दक्षिण गुजरात के डांग क्षेत्र में कुंकना रामकथा स्थानीय भाषा और लोकगीतों के माध्यम से राम, सीता, हनुमान तथा शबरी से जुड़े प्रसंग पीढ़ियों तक पहुँचते रहे हैं। डांगी, रामायण को लोकगायन और कथावाचन के माध्यम से प्रस्तुत किया जाता है। इन कथाओं में स्थानीय भूगोल, वन, पहाड़ और समुदायों की जीवनशैली का प्रभाव दिखाई देता है।

राम सबके हैं, क्योंकि राम सबको जोड़ते हैं

जब हम भारत की जनजातीय लोक संस्कृति में राम की उपस्थिति को देखते हैं, तो एक अद्भुत सांस्कृतिक संसार हमारे सामने खुलता है। राम को किसी एक जाति, वर्ग, भाषा या क्षेत्र तक सीमित नहीं किया जा सकता। उनकी कथा को भारत के अलग-अलग समाजों ने अपने ढंग से जिया है। किसी ने उन्हें राजा माना, किसी ने आराध्य, किसी ने भांजा, किसी ने वनवासी मित्र और किसी ने लोक मंगल का आदर्श। यह विविधता ही भारतीय संस्कृति की शक्ति है।

आज आवश्यकता इस बात की है कि हम इन लोककथाओं को केवल अतीत की स्मृति मानकर न छोड़ दें। इन्हें बचाएँ, पढ़ें, सुनें, समझें और अगली पीढ़ी तक पहुँचाएँ। क्योंकि जिस दिन किसी समुदाय का लोकगीत, उसकी भाषा और उसके पूर्वजों की कथा खो जाती है, उस दिन भारत की सांस्कृतिक विरासत का एक अनमोल हिस्सा भी खो जाता है।

अंततः रामकथा हमें यही सिखाती है कि संबंध पद से नहीं, प्रेम से बनते हैं; सम्मान जन्म से नहीं, गुण और आचरण से मिलता है; और संस्कृति की शक्ति किसी को अपने जैसा बना देने में नहीं, अलग-अलग लोगों को आत्मीयता के सूत्र में बाँधने में है। राम केवल एक कथा के नायक नहीं, करोड़ों हृदयों की धड़कन हैं। वे भारत की लोकस्मृति में बसे हैं, जन-जन की आस्था में बसे हैं और इसीलिए वास्तव में सबके प्राण हैं श्रीराम।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. मयंक चतुर्वेदी