एक पहल और जनजागृति : बदल गई लेंसकार्ट की नीति !
- डॉ. मयंक चतुर्वेदी
भारत जैसे बहुसांस्कृतिक देश में कार्यस्थल विविधताओं के संगम होता है। ऐसे में जब देश की जानी-मानी आईवियर कंपनी लेंसकार्ट ड्रेस कोड को लेकर विवादों में घिरी, तो यह मुद्दा सामाजिक पहचान, धार्मिक स्वतंत्रता और कॉरपोरेट जिम्मेदारी पर व्यापक बहस का कारण बन गया, किंतु इस पूरे घटनाक्रम ने यह साबित कर दिया कि जागरूक समाज और सोशल मीडिया की ताकत किसी भी संस्था को अपनी नीतियों पर पुनर्विचार करने के लिए मजबूर कर सकती है।
वस्तुत: यह विवाद उस समय शुरू हुआ जब सोशल मीडिया पर कंपनी के कथित ड्रेस कोड से जुड़ा एक दस्तावेज तेजी से वायरल हुआ। इस दस्तावेज साफ समझ आ रहा था कि कुछ धार्मिक प्रतीकों जोकि इस्लाम एवं अन्य से जुड़े हैं, सिर्फ हिन्दू धर्म छोड़कर को अनुमति दी जा रही है। ऐसे में स्वभाविक है कि भारत की विविधता को देखते हुए यह मुद्दा बेहद संवेदनशील बन गया। लोगों ने इसे सांस्कृतिक असमानता के रूप में देखना शुरू कर दिया। यहीं से जनआक्रोश की शुरुआत हुई और मामला तेजी से फैलने लगा।
कंपनी की प्रतिक्रिया: सफाई और असमंजस
विवाद बढ़ने पर कंपनी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी पीयूष बंसल ने सामने आकर कहा कि जो दस्तावेज वायरल हो रहा है, वह पुराना है और वर्तमान नीति को नहीं दर्शाता। हालांकि, यह सफाई लोगों के संदेह को पूरी तरह दूर नहीं कर सकी। सामाजिक कार्यकर्ता एवं वरिष्ठ स्तम्भकार ने एक संदेश फिर से वायरल करके उनके दावों की एक झटके में हवा निकाल दी। जिससे विवाद और गहरा गया। इस स्थिति ने यह स्पष्ट कर दिया कि जब किसी संस्था की नीतियों में स्पष्टता नहीं होती, तो भ्रम और अविश्वास तेजी से फैलता है।
जनदबाव का असर: नीति में बदलाव और माफी
लगातार बढ़ते विरोध और सोशल मीडिया पर हो रही तीखी प्रतिक्रियाओं के बाद कंपनी को अपनी नीति में बदलाव करना पड़ा है। कंपनी ने नई स्टाइल गाइड जारी करते हुए सार्वजनिक रूप से माफी मांगी और स्वीकार किया कि यदि किसी की भावनाएं आहत हुई हैं, तो उसे खेद है। साथ ही यह भी कहा गया कि कंपनी भारतीय मूल्यों के साथ जुड़ी हुई है और यहां के लोगों के लिए काम करती है, इसलिए कर्मचारियों को अपनी सांस्कृतिक पहचान छोड़ने की आवश्यकता नहीं होनी चाहिए। यह कदम इस बात का प्रमाण है कि जब जनता जागरूक होती है, तब बड़े से बड़े कॉरपोरेट को भी झुकना पड़ता है।
नई गाइडलाइन: संतुलन की कोशिश
नई ड्रेस कोड गाइडलाइन में कंपनी ने स्पष्ट किया कि कर्मचारी अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान के साथ काम कर सकते हैं। अब बिंदी, तिलक, सिंदूर, कड़ा, मंगलसूत्र, कलावा, हिजाब और पगड़ी जैसे प्रतीकों को समान रूप से अनुमति दी गई है। इसके साथ ही कंपनी ने यह भी सुनिश्चित किया कि पेशेवर वातावरण बना रहे, जिसके तहत कर्मचारियों को कंपनी की टी-शर्ट, गहरे नीले रंग की साधारण जींस और बंद जूते पहनने होंगे। छोटे आभूषण जैसे झुमके, नथ, अंगूठी और चेन भी स्वीकार्य हैं। यह नीति इस बात का संकेत है कि पेशेवरता और व्यक्तिगत पहचान के बीच संतुलन संभव है।
इसके बाद भी कहना होगा कि फिलहाल सोशल मीडिया पर लोगों का गुस्सा पूरी तरह शांत नहीं हुआ है। कई लोगों ने यह कहा कि यह बदलाव दबाव में किया गया है, इसलिए इस पर पूरी तरह भरोसा करना मुश्किल है। कुछ लोगों ने यह भी सवाल उठाया कि अगर कंपनी वास्तव में भारतीय संस्कृति का सम्मान करती है, तो पहले इस तरह की पाबंदियां क्यों लगाई गईं? यह प्रतिक्रिया इस बात को दर्शाती है कि सिर्फ नीति बदलना पर्याप्त नहीं होता, विश्वास बहाल करना भी उतना ही जरूरी है।
क्यों अहम है यह मुद्दा !
यह पूरा प्रकरण कई महत्वपूर्ण सवाल खड़े करता है। सबसे पहले यह धार्मिक स्वतंत्रता के अधिकार को रेखांकित करता है, जोकि हर नागरिक का मौलिक अधिकार है। दूसरा, यह कार्यस्थल पर समावेशिता यानी इन्क्लूसिविटी की आवश्यकता को दर्शाता है, जहां हर व्यक्ति अपनी पहचान के साथ सहज महसूस कर सके। तीसरा, यह ब्रांड इमेज और पारदर्शिता के महत्व को सामने लाता है। जब कोई कंपनी स्पष्ट और संवेदनशील नहीं होती, तब स्वभाविक है कि उसका प्रभाव सीधे उसके ग्राहकों के विश्वास पर पड़ता है।
जनजागृति की शक्ति: बदलते समय का संकेत
इस पूरे घटनाक्रम का सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह है कि यह जनजागृति की शक्ति को दर्शाता है। सोशल मीडिया ने लोगों को अपनी आवाज उठाने का मंच दिया और उसी का परिणाम है कि एक बड़ी कंपनी को अपनी नीति में बदलाव करना पड़ा। यह लोकतांत्रिक समाज की एक मजबूत तस्वीर पेश करता है, जहां नागरिक आज दर्शक होने से अधिक परिवर्तन के सक्रिय भागीदार बन चुके हैं।
कुल मिलाकर इस पूरे मामले को लेकर कहना यही होगा कि लेंसकार्ट का यह मामला सिर्फ एक ड्रेस कोड विवाद नहीं रहा, यह तो पूरे समाज और कॉरपोरेट जगत के बीच बदलते संबंधों का प्रतीक बन गया है। यह हमें सिखाता है कि कंपनियों को अपने व्यावसायिक हितों का ध्यान रखने के साथ सामाजिक और सांस्कृतिक संवेदनशीलता को भी प्राथमिकता देनी चाहिए। वहीं, समाज के लिए यह संदेश है कि जागरूकता और जिम्मेदार प्रतिक्रिया के माध्यम से सकारात्मक बदलाव संभव है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. मयंक चतुर्वेदी

