13 नवंबर 1780 : सनातन धर्म के रक्षक और खालसा साम्राज्य के संस्थापक महाराजा रणजीत सिंह का जन्म
अफगान क्षेत्रों में विजय प्राप्त कर फहराया भगवा ध्वज, कोहिनूर हीरा जगन्नाथ मंदिर को भेंट करना चाहते थे
रमेश शर्मा
महाराजा रणजीत सिंह ऐसे वीर सम्राट थे, जिन्होंने अफगान क्षेत्रों में विजय प्राप्त कर भगवा ध्वज फहराया और इतिहास प्रसिद्ध हमलावर अहमद शाह अब्दाली के वंशजों से सुप्रसिद्ध कोहिनूर हीरा वापस प्राप्त किया। ऐसे पराक्रमी, दूरदर्शी और अपना संपूर्ण जीवन भारत राष्ट्र एवं संस्कृति की रक्षा के लिए समर्पित करने वाले महाराजा रणजीत सिंह का जन्म 13 नवंबर 1780 को गुजरांवाला में हुआ था। वर्तमान में यह क्षेत्र पाकिस्तान में स्थित है।
वे अपने शौर्य, पराक्रम, सूझबूझ और रणनीतिक कौशल के लिए इतिहास में प्रसिद्ध हैं। वे सिख साम्राज्य के संस्थापक थे। उनका पूरा जीवन भारत राष्ट्र और सनातन संस्कृति की रक्षा के लिए समर्पित रहा। उनके राज्य की सीमाएं अटक, पेशावर, काबुल और जमरूद तक फैली थीं। उन्होंने अपने शासनकाल में इन सभी क्षेत्रों में सनातन परंपराओं को पुनर्स्थापित करने का प्रयास किया।
उनके पिता सरदार महासिंह भी वीर योद्धा थे। महाराजा के मन में गुरु गोविंद सिंह के संकल्प और गुरु तेग बहादुर के बलिदान की स्मृतियां सदैव जीवंत रहीं। यही संस्कार उन्हें बचपन से मिले थे। उन दिनों पंजाब और कश्मीर के अधिकांश क्षेत्रों पर अफगानों का शासन था। कहीं-कहीं सिख सूबेदारों का प्रभाव था और कुछ स्थानों पर उनकी छोटी-छोटी रियासतें थीं।
महाराजा रणजीत सिंह के पिता महासिंह सुकरचकिया मिसल के सेनानायक थे। पश्चिमी पंजाब स्थित इस क्षेत्र का मुख्यालय गुजरांवाला था। बचपन में उन्हें चेचक हुई, जिसके कारण उनकी एक आंख की रोशनी चली गई थी। पिता का सान्निध्य भी उन्हें अधिक समय तक नहीं मिल सका। रणजीत सिंह अभी 12 वर्ष के ही थे कि उनके पिता का निधन हो गया। उनकी देखभाल माता महताब कौर ने की। माता के संरक्षण और पिता के सहयोगियों के मार्गदर्शन में उन्होंने जीवन की समझ विकसित की और युद्धकला सीखी।
उन दिनों पूरे पंजाब के सामाजिक जीवन में एक विशेष प्रकार का तनाव व्याप्त था। मुगल सल्तनत भले ही अपने अंतिम दौर में थी, लेकिन उसके संरक्षण में पनपे कट्टरपंथी समूह सनातन समाज के मतांतरण का अभियान चला रहे थे। दूसरी ओर अंग्रेज भी अपने पैर जमाने के लिए प्रतिदिन नई कूटनीतिक चालें चल रहे थे। इसी वातावरण में रणजीत सिंह ने अपनी राजनीतिक और सैन्य यात्रा आगे बढ़ाई तथा युद्ध के मैदान में अपनी शक्ति का परिचय दिया।
वर्ष 1799 में उन्होंने लाहौर पर अपना ध्वज फहरा दिया और इसे अपने राज्य की राजधानी बनाया। वर्ष 1801 में उनका विधिवत राज्याभिषेक हुआ। इसके बाद उन्होंने अमृतसर की ओर कदम बढ़ाए। वर्ष 1805 में अमृतसर पर भी उनका अधिकार हो गया। उनकी वीरता और नीतिगत निर्णयों से व्यापक समाज प्रभावित हुआ। सिख योद्धाओं के साथ अन्य सनातन परंपरा से जुड़े योद्धा भी उनकी कमान में एकत्र होने लगे। इससे उनकी सैन्य शक्ति में उल्लेखनीय वृद्धि हुई। उन्होंने कसूर, जम्मू, मुल्तान, कांगड़ा और शिमला सहित कश्मीर पर भी अपना प्रभाव स्थापित किया।
उन्हें जम्मू के डोगरा शासक गुलाब सिंह का भी भरपूर सहयोग मिला। उनके सेनानायक जोरावर सिंह के सहयोग से लद्दाख पर भी अधिकार स्थापित हुआ। इस प्रकार राज्य की सीमाओं का विस्तार होता गया। उन्होंने साम्राज्य के प्रत्येक प्रमुख स्थान पर किलेदार नियुक्त किए। इससे प्रशासनिक व्यवस्था सुदृढ़ हुई और समाज का मनोबल बढ़ा।
महाराजा रणजीत सिंह जानते थे कि अस्तित्व की रक्षा के लिए समृद्धि और राज्य विस्तार के साथ शौर्य एवं सैन्य शक्ति भी आवश्यक है। उन्होंने अपने साम्राज्य की सुरक्षा के लिए विशाल सेना तैयार की। इसमें 92 हजार पैदल सैनिक, 31 हजार घुड़सवार, 384 भारी और 400 हल्की तोपें थीं। उनकी दूरदर्शी रणनीति के चलते ही भारत की पश्चिमी सीमा पर सदियों से हो रहे आक्रमणों पर प्रभावी रोक लगी। महाराजा की सैन्य शक्ति को देखकर अंग्रेज भी हतप्रभ थे। उन्होंने कूटनीति का सहारा लिया और महाराजा के सामने मित्रता संधि का प्रस्ताव रखा। महाराजा ने इसे स्वीकार कर लिया और वर्ष 1809 में अंग्रेजों के साथ मित्रता संधि हुई। इसके अंतर्गत अंग्रेजों ने महाराजा की राज्य सीमा को स्वीकार किया और सतलुज नदी के पश्चिमी तट तक महाराजा के अधिकार क्षेत्र को मान्यता दी।
इस संधि के बाद महाराजा रणजीत सिंह ने अपनी सेना के आधुनिकीकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए। उन्होंने यूरोपीय सैन्य अधिकारी बापिस्ते वेंचूरा को पैदल सेना तथा जीन फ्रांसिस अलार्ड को घुड़सवार सेना के प्रशिक्षण का दायित्व सौंपा। बंदूकों के निर्माण के लिए क्लाड आगरस्ट तथा बारूद एवं अन्य युद्धोपकरणों के लिए हंगरी के होनाइजर की सेवाएं लीं।
उन्होंने गुरु गोविंद सिंह के आदर्शों को आगे बढ़ाते हुए अपने राज्य को खालसा पंथ की परंपराओं के अनुरूप संचालित किया, ताकि व्यापक समाज सुरक्षित रह सके और अपनी सांस्कृतिक विरासत को सहेज सके। उनके शौर्य, सैन्य शक्ति और सांस्कृतिक संरक्षण की चर्चा पूरे भारत में हुई। वे एक आदर्श शासक के रूप में लोकप्रिय हुए।
महाराजा रणजीत सिंह को अफगान क्षेत्रों में विजय के बाद जो स्वर्ण प्राप्त हुआ था, उसका आधा हिस्सा उन्होंने अमृतसर के स्वर्ण मंदिर और आधा काशी विश्वनाथ मंदिर को समर्पित किया। इसी अभियान के दौरान उन्होंने हमलावर अहमद शाह अब्दाली के वंशजों से प्रसिद्ध कोहिनूर हीरा प्राप्त किया। महाराजा इस हीरे को पुरी के जगन्नाथ मंदिर को भेंट करना चाहते थे, लेकिन कोषाध्यक्ष बेलीराम की कथित कुनीति के कारण उनकी यह इच्छा पूरी नहीं हो सकी। आगे चलकर अंग्रेजों ने इस हीरे पर अधिकार कर लिया और इसे लंदन भेज दिया।
महाराजा रणजीत सिंह ने लगभग 38 वर्षों तक शासन किया। उनके राज्य में विभिन्न वर्गों की उन्नति हुई और सनातन समाज का आत्मविश्वास लौटा। ऐसे महानायक का निधन 27 जून 1839 को हुआ। उनकी समाधि लाहौर में बनी है। उनके निधन के बाद आंतरिक सत्ता संघर्ष आरंभ हो गया और मात्र नौ वर्षों के भीतर सिख साम्राज्य बिखर गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. मयंक चतुर्वेदी

