home page

खेतों से दुनिया तक भारत : अन्न उत्पादन का कीर्तिमान कृषि शक्ति का प्रमाण

 | 
खेतों से दुनिया तक भारत : अन्न उत्पादन का कीर्तिमान कृषि शक्ति का प्रमाण


- डॉ. मयंक चतुर्वेदी

भारत के खेतों में इस बार जो इतिहास रचा गया है। यह उस किसान के परिश्रम, संकल्प और सामर्थ्य का प्रमाण है, जो मौसम की अनिश्चितताओं, प्राकृतिक चुनौतियों और खेती की बढ़ती लागत के बीच भी देश के अन्न भंडार भरने में जुटा रहता है। वर्ष 2025-26 में देश का खाद्यान्न उत्पादन 3785.38 लाख टन तक पहुंचना और पिछले वर्ष की तुलना में 208.06 लाख टन की वृद्धि दर्ज करना भारतीय कृषि की असाधारण उपलब्धि है।

दूसरी ओर भारतीय कृषि की बढ़ती ताकत का एक महत्वपूर्ण प्रमाण कृषि निर्यात भी है। प्रसंस्कृत खाद्य उत्पादों सहित भारत का कृषि-खाद्य निर्यात लगातार कई अरब अमेरिकी डॉलर तक पहुंचने का सरकारी आंकड़ा सामने आया है। यह बताता है कि भारत की कृषि अब घरेलू खाद्य जरूरतों को पूरा करने के साथ वैश्विक व्यापार में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रही है।

वस्तुत: चावल, दलहन, जूट, मोटे अनाज और मसालों के उत्पादन में दुनिया में प्रथम स्थान हासिल करना इस उपलब्धि को वैश्विक महत्व प्रदान करता है। सवाल यह है कि क्या इस कीर्तिमान को भारत की कृषि व्यवस्था में निर्णायक बदलाव का संकेत माना जाए? इसका उत्तर निश्चित रूप से सकारात्मक है। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वर्ष 2025-26 के अंतिम उत्पादन अनुमान और 2026-27 के खरीफ सीजन के प्रथम अग्रिम अनुमान जारी करते हुए जिस उपलब्धि को सामने रखा है, उसके कई महत्वपूर्ण आयाम हैं।

भारत में चावल का उत्पादन 1551.54 लाख टन और गेहूं का उत्पादन 1220.64 लाख टन तक पहुंचना बताता है कि देश की खाद्य सुरक्षा का आधार लगातार मजबूत हुआ है। मक्का उत्पादन में 550.25 लाख टन तक की छलांग और दलहन उत्पादन का 272.40 लाख टन पर पहुंचना भी अपने आप में विशेष महत्व रखता है।

आज भारत चावल, दलहन, जूट, श्री अन्न और मसालों के उत्पादन में दुनिया में पहले स्थान पर है। गेहूं, कपास और मूंगफली सहित कई अन्य उत्पादों में भी भारत की स्थिति मजबूत है। भारतीय चावल के निर्यात में पांच प्रतिशत की वृद्धि और अमेरिका, कनाडा तथा मध्य पूर्व के बाजारों में बासमती की बढ़ती मांग इस बात का संकेत है कि भारतीय कृषि उत्पादों की वैश्विक स्वीकार्यता बढ़ रही है।

इस वर्ष खरीफ उत्पादन का अनुमान भारतीय किसानों की जिजीविषा का एक और प्रमाण है। अल नीनो की आशंका, मानसून में देरी और महाराष्ट्र, कर्नाटक, तेलंगाना तथा आंध्र प्रदेश के कुछ हिस्सों में कम बारिश के बावजूद खरीफ खाद्यान्न उत्पादन 1671.43 लाख टन रहने का अनुमान है। यह पिछले पांच वर्षों के औसत से 97.67 लाख टन अधिक है। यह भारत के लिए निश्चित ही विशेष उपलब्धि है।

खाद्यान्न के बाद अब दलहन और तिलहन की बारी

भारतीय कृषि की सबसे बड़ी चुनौतियों में से एक दालों और खाद्य तेलों के मामले में आयात पर निर्भरता रही है। गेहूं और चावल के पर्याप्त भंडार होने के बाद अब सरकार का दलहन और तिलहन उत्पादन बढ़ाने पर ध्यान केंद्रित करना समय की मांग है। वर्ष 2025-26 में दलहन उत्पादन 272.40 लाख टन और तिलहन उत्पादन 432.55 लाख टन तक पहुंचना उत्साहजनक है। मूंगफली का 131.71 लाख टन और सरसों का 137.66 लाख टन उत्पादन नए अवसरों की ओर संकेत करता है, किंतु साथ ही हमें यह सोचने के लिए विवश करता है कि आखिर जब देश में दालों और खाद्य तेलों की मांग लगातार बढ़ रही है, तब आयात पर निर्भरता कब तक स्वीकार की जा सकती है?

वस्तुत: इसका समाधान किसानों को ऐसी फसलें उगाने के लिए प्रोत्साहित करने में है, जिनकी घरेलू मांग अधिक है और जिनसे उन्हें बेहतर आर्थिक लाभ मिल सकता है। इसके लिए किसानों को गुणवत्तापूर्ण बीज, उन्नत तकनीक, सिंचाई, कृषि यंत्र और बाजार की सुनिश्चित उपलब्धता देनी होगी। दलहन और तिलहन की खेती में जोखिम कम करने के लिए प्रभावी मूल्य समर्थन तथा खरीद व्यवस्था भी जरूरी है। किसान तभी फसल विविधीकरण की ओर बढ़ेगा, जब उसे यह भरोसा होगा कि उसकी उपज का उचित मूल्य मिलेगा और बाजार में उसे भटकना नहीं पड़ेगा।

आज भारत के सामने एक ऐसा अवसर है, जिसका उपयोग दूरगामी कृषि परिवर्तन के लिए किया जा सकता है। देश ने खाद्यान्न उत्पादन में आत्मविश्वास हासिल किया है। वैश्विक कृषि रैंकिंग में उसकी स्थिति मजबूत हुई है और निर्यात की संभावनाएं बढ़ी हैं। अब आवश्यकता इस उपलब्धि को टिकाऊ कृषि व्यवस्था में बदलने की है।

निश्चित ही 3785.38 लाख टन खाद्यान्न उत्पादन का कीर्तिमान भारत के लिए गौरव का विषय है। यह उस किसान की मेहनत का सम्मान है, जो देश की खाद्य सुरक्षा का सबसे मजबूत प्रहरी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी भारतीय कृषि और किसानों की सामर्थ्य को देश की विकास यात्रा का महत्वपूर्ण आधार माना है। उनका स्पष्ट दृष्टिकोण रहा है कि किसान सशक्त होगा तो देश समृद्ध होगा और कृषि क्षेत्र मजबूत होगा तो भारत की अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'बीज से बाजार तक' के दृष्टिकोण को इसी व्यापक अर्थ में समझना होगा। भारत की कृषि शक्ति का वास्तविक उत्कर्ष तब होगा, जब खेत में लहलहाती फसल के साथ किसान के घर में भी समृद्धि आएगी। आखिरकार किसी देश की कृषि महानता का आकलन उसके अन्न भंडारों की ऊंचाई से ही होता है। ऐसे में उसके जीवन में खुशहाली का होना भी जरूरी है। आज भारत ने अन्न उत्पादन में इतिहास रचा है, अब उसे किसान की समृद्धि का नया इतिहास रचना है। यही विकसित भारत के संकल्प की दिशा में कृषि क्षेत्र का सबसे महत्वपूर्ण योगदान होगा।

(लेखक हिन्दुस्थान समाचार से संबद्ध हैं।)

------------------------------

हिन्दुस्थान समाचार / डॉ. मयंक चतुर्वेदी